मुंगेली पुलिस का ‘साइबर जागृति अभियान’: मानस भवन में 1298 विद्यार्थियों ने सीखे डिजिटल सुरक्षा के गुर

एसएसपी भोजराम पटेल ने दिए सतर्कता के टिप्स, कहा— डिजिटल युग में सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव

लोरमी/मुंगेली। जिले में बढ़ते साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन विशेषकर युवाओं को डिजिटल रूप से सशक्त व जागरूक बनाने के लिए मुंगेली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत मानस भवन, लोरमी में एक भव्य कार्यशाला आयोजित की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) की मौजूदगी में आयोजित इस जागरूकता शिविर में नगर के 7 प्रमुख शासकीय व अर्धशासकीय स्कूलों के 1298 छात्र-छात्राओं और शिक्षकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

सावधानी से ही संभव है साइबर अपराध से बचाव विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि डिजिटल युग में मोबाइल और इंटरनेट हमारे दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बन गए हैं। जहां इनके अनेक फायदे हैं, वहीं जरा सी असावधानी से व्यक्ति बड़े आर्थिक व मानसिक नुकसान का शिकार बन सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों को ऑनलाइन ठगी से सतर्क रहने के लिए व्यावहारिक टिप्स दिए:

  • बैंकिंग सुरक्षा: किसी भी अज्ञात व्यक्ति से बैंक खाता विवरण, एटीएम पिन, यूपीआई पिन या ओटीपी साझा न करें।
  • संदिग्ध लिंक्स से दूरी: व्हाट्सएप और सोशल मीडिया पर आने वाले फर्जी जॉब ऑफर, लॉटरी प्रलोभन या संदिग्ध लिंक पर कभी क्लिक न करें।
  • सोशल मीडिया सतर्कता: व्यक्तिगत फोटो, दस्तावेज व लाइव लोकेशन अनजान लोगों के साथ साझा न करें और सोशल मीडिया खातों में ‘टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन’ अनिवार्य रूप से लागू रखें।
  • हेल्पलाइन 1930 का उपयोग: साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने पर बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें या साइबर सेल को सूचित करें।

‘मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं’ सेल्फी स्टैंड बना आकर्षण सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने साइबर सुरक्षा से संबंधित अपने सवाल और जिज्ञासाएं एसएसपी के समक्ष रखीं, जिनका अधिकारियों ने समाधान किया। परिसर में लगाए गए ‘मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं’ सेल्फी स्टैंड पर छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और कोटवारों ने उत्साह से तस्वीरें खिंचवाईं। कार्यक्रम के अंत में बेहतर सहभागिता के लिए शिक्षकों, विद्यार्थियों और पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

गांव-गांव तक संदेश पहुंचाएंगे कोटवार अभियान को ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचाने के उद्देश्य से ग्राम कोटवारों को प्रचार सामग्री, पोस्टर और पाम्पलेट बांटे गए। ये कोटवार गांवों में प्रमुख स्थानों पर पोस्टर चस्पा कर ग्रामीणों को जागरूक करेंगे। पुलिस प्रशासन के अनुसार, जिले के सभी थाना क्षेत्रों, शैक्षणिक संस्थानों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों पर यह अभियान लगातार जारी रहेगा।

कार्यशाला में नायब तहसीलदार शांतनु तारम, एम. कौशिक, पंचायत इंस्पेक्टर रामकुमार पात्रे, प्रशिक्षु उपनिरीक्षक नवनीत, नवीन जांगड़े, सउनि मधुकर रात्रे, बबीता श्रीवास सहित विभिन्न स्कूलों के प्राचार्य, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

Bhaskar Path

The News Related To The News Engaged In The https://bhaskarpath.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

Latest from Blog

error: Content is protected !!