‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत विशेष सम्मेलन आयोजित, जिलेभर के विभिन्न समाजों के प्रमुख एवं प्रतिनिधि हुए शामिल
मुंगेली । साइबर अपराधों की रोकथाम और आम नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मुंगेली पुलिस द्वारा संचालित ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत समाज प्रमुखों का विशेष सम्मेलन आयोजित किया गया। ‘मैं जागरूक हूं, साइबर क्राइम से मुक्त हूं’ अभियान के अंतर्गत 27 अगस्त को कलेक्ट्रेट स्थित जनदर्शन सभागार में ‘समाज में साइबर जागरूकता का प्रचार-प्रसार’ विषय पर कार्यक्रम हुआ।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुंगेली भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में आयोजन किया गया। इस दौरान अतिरिक्त कलेक्टर गोकुल रावते की उपस्थिति में जिले के विभिन्न समाजों के प्रमुख एवं प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए।
समाज के माध्यम से घर-घर पहुंचेगा साइबर सुरक्षा का संदेश
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज प्रमुखों और प्रतिनिधियों के माध्यम से साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना रहा। आईजी रामगोपाल गर्ग ने उपस्थित समाज प्रमुखों को साइबर अपराधों के बदलते स्वरूप और उनसे बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी।
उन्होंने ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी और बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया के जरिए होने वाले अपराध, फर्जी निवेश योजनाओं तथा डिजिटल अरेस्ट जैसे साइबर अपराधों के बारे में बताया।
आईजी गर्ग ने कहा कि साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं और अपराधी नए-नए तरीकों से लोगों को अपने जाल में फंसा रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति का जागरूक और सतर्क रहना बेहद जरूरी है। उन्होंने अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पासवर्ड, बैंक खाते से जुड़ी जानकारी अथवा निजी जानकारी साझा नहीं करने की समझाइश दी।
बच्चों, युवाओं और बुजुर्गों को जागरूक करने पर जोर
आईजी ने समाज प्रमुखों से अपील की कि वे अपने-अपने समाज और समुदाय में साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता का व्यापक प्रचार-प्रसार करें। विशेष रूप से बच्चों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों को साइबर अपराधों से बचाव के उपायों की जानकारी देने पर जोर दिया गया।
उन्होंने कहा कि साइबर सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है। जनभागीदारी और सामूहिक जागरूकता के माध्यम से ही साइबर अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सकता है।
ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत
पुलिस ने लोगों को समझाइश दी कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं, बल्कि तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दें। साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराकर समय रहते आवश्यक कार्रवाई में सहयोग लिया जा सकता है।
कार्यक्रम में मौजूद समाज प्रमुखों ने मुंगेली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘साइबर जागृति अभियान’ की सराहना की। उन्होंने अपने-अपने समाज और समुदाय में साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाने तथा लोगों को सतर्क करने की बात कही।
मुंगेली पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की कि किसी भी अनजान कॉल, संदेश, लिंक, ऑनलाइन ऑफर या संदिग्ध व्यक्ति के झांसे में न आएं। ओटीपी, पासवर्ड, बैंकिंग विवरण और अन्य गोपनीय जानकारी किसी से साझा न करें। साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए 1930 पर संपर्क करें और पुलिस को सूचना दें।