
मुंगेली। छत्तीसगढ़ में पर्यटन को बढ़ावा देने और पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों, संस्थाओं एवं उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ प्रदान किए जाएंगे। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड लगातार दूसरे वर्ष इन पुरस्कारों का आयोजन कर रहा है।
इस पुरस्कार योजना के तहत होटल, पंजीकृत टूर ऑपरेटर, जिले, पर्यटन स्टार्टअप, रिसॉर्ट, पर्यटक सूचना केंद्र, होमस्टे, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर, इको-टूरिज्म साइट और एडवेंचर टूरिज्म संचालकों को सम्मानित किया जाएगा।
प्रत्येक श्रेणी में एक विजेता का चयन होगा। विजेताओं को 11 हजार रुपए की पुरस्कार राशि और मेमेंटो प्रदान किया जाएगा। पुरस्कार के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 सितंबर 2026 निर्धारित की गई है।
10 श्रेणियों में मिलेगा ‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार’
छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड ने पर्यटन क्षेत्र की अलग-अलग गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए कुल 10 श्रेणियां निर्धारित की हैं।
1. सर्वश्रेष्ठ होटल
2. सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर
3. सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड
4. सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता पुरस्कार
5. CTB Star Performer – सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट
6. CTB Star Performer – पर्यटक सूचना केंद्र
7. सर्वश्रेष्ठ होमस्टे
8. सर्वश्रेष्ठ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर
9. सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट अवॉर्ड
10. सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड

होटल और टूर ऑपरेटर के प्रदर्शन का होगा मूल्यांकन
सर्वश्रेष्ठ होटल श्रेणी में बेहतर सेवाएं और सुविधाएं उपलब्ध कराने वाले पर्यटन उद्यमों का चयन किया जाएगा। इसमें MICE सुविधाओं, पिछले वित्तीय वर्ष के वित्तीय प्रदर्शन, वार्षिक कारोबार और आयोजित कार्यक्रमों की संख्या जैसे मानकों को देखा जाएगा।
पर्यटन प्रचार, सतत पर्यटन, CSR गतिविधियों और रोजगार सृजन में योगदान को भी मूल्यांकन में महत्व दिया जाएगा।
वहीं सर्वश्रेष्ठ पंजीकृत टूर ऑपरेटर का चयन आवास, परिवहन, दर्शनीय स्थलों की यात्रा, मनोरंजन और अन्य पर्यटन गतिविधियों के प्रभावी संचालन के साथ छत्तीसगढ़ पर्यटन के प्रचार-प्रसार के प्रयासों के आधार पर होगा।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजनों में भागीदारी, इटिनरेरी एवं प्रचार सामग्री, वेबसाइट और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को भी मूल्यांकन में शामिल किया जाएगा।
पर्यटन को बढ़ावा देने वाले जिले को भी मिलेगा पुरस्कार
सर्वश्रेष्ठ जिला टूरिज्म प्रमोशन अवॉर्ड उस जिले को दिया जाएगा, जिसने पर्यटन विकास, गंतव्य प्रबंधन और पर्यटकों की संख्या बढ़ाने की दिशा में बेहतर काम किया हो।
पर्यटन स्थलों की स्वच्छता, कचरा प्रबंधन, डस्टबिन की उपलब्धता, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, हरित उपाय और प्रकृति आधारित गतिविधियों को भी मूल्यांकन का हिस्सा बनाया गया है।
इसके अलावा कृषि एवं ग्रामीण जीवनशैली, संस्कृति, मत्स्य पालन, पर्यटकों के लिए विशिष्ट अनुभव और पर्यटन के माध्यम से रोजगार सृजन जैसे पहलुओं को भी महत्व दिया जाएगा।
पर्यटन स्टार्टअप और युवा उद्यमियों को मिलेगा मंच
पर्यटन क्षेत्र में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए सर्वश्रेष्ठ पर्यटन स्टार्टअप/उद्यमिता पुरस्कार रखा गया है।
ऐसे स्टार्टअप और व्यक्तिगत उद्यमियों को सम्मानित किया जाएगा, जिन्होंने नए विचारों, तकनीक, सेवाओं या व्यावसायिक मॉडलों के जरिए छत्तीसगढ़ के पर्यटन क्षेत्र को नई दिशा देने का प्रयास किया है।
रिसॉर्ट और पर्यटक सूचना केंद्र भी पुरस्कार की दौड़ में
CTB Star Performer की दो श्रेणियों में पर्यटन बोर्ड की इकाइयों के बेहतर प्रदर्शन को सम्मानित किया जाएगा।
सर्वश्रेष्ठ रिसॉर्ट के चयन में टर्नओवर, लाभप्रदता और अधिभोग प्रतिशत जैसे मानकों को आधार बनाया जाएगा। वहीं पर्यटक सूचना केंद्रों का मूल्यांकन पूरे वर्ष पर्यटकों के लिए बुकिंग उपलब्ध कराने में उनके प्रदर्शन के आधार पर होगा।
होमस्टे के जरिए स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने वालों का सम्मान
सर्वश्रेष्ठ होमस्टे श्रेणी में घरेलू पर्यटन से अर्जित राजस्व, वार्षिक वृद्धि दर, बुकिंग की संख्या और घरेलू पर्यटकों की संख्या जैसे मानकों को देखा जाएगा।
पर्यटकों को मिलने वाली सुविधाएं, ग्राहक समीक्षा, शिकायत निवारण प्रणाली, दिव्यांग पर्यटकों के लिए सुविधाएं और होमस्टे की विशिष्ट अवधारणा भी मूल्यांकन का हिस्सा होंगी।
स्थानीय उत्पादों और व्यंजनों को बढ़ावा देने, स्थानीय समुदायों को पर्यटन से जोड़ने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं आय के अवसर पैदा करने वाली पहलों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर भी जीत सकते हैं पर्यटन पुरस्कार
छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को सोशल मीडिया के जरिए राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने वाले कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को भी पुरस्कार दिया जाएगा।
फेसबुक, इंस्टाग्राम और यूट्यूब जैसे प्लेटफॉर्म पर छत्तीसगढ़ पर्यटन से जुड़े रील्स, वीडियो और अन्य डिजिटल कंटेंट की पहुंच तथा पिछले तीन वर्षों के प्रदर्शन का मूल्यांकन किया जाएगा।
राज्य की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत, जनजातीय जीवन, ऐतिहासिक स्थल, वन्यजीव और साहसिक पर्यटन को डिजिटल माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रचारित करने वाले क्रिएटर्स को इस श्रेणी में मौका मिलेगा।
इको-टूरिज्म और पर्यावरण संरक्षण को प्राथमिकता
सर्वश्रेष्ठ इको टूरिज्म साइट अवॉर्ड के जरिए पर्यावरण-अनुकूल और सतत पर्यटन को बढ़ावा देने वाली परियोजनाओं को सम्मानित किया जाएगा।
इसके लिए परियोजना का छत्तीसगढ़ में स्थित होना और कम से कम दो वर्षों से संचालित होना आवश्यक है।
नवीकरणीय ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबंधन, जल संरक्षण, स्थानीय समुदायों की भागीदारी और स्थानीय वनस्पति एवं जीव-जंतुओं के संरक्षण जैसे मानकों को विशेष महत्व दिया जाएगा।
एडवेंचर टूरिज्म संचालकों को भी मिलेगा सम्मान
छत्तीसगढ़ में कैंपिंग और अन्य साहसिक गतिविधियां संचालित करने वाले श्रेष्ठ संचालक को सर्वश्रेष्ठ एडवेंचर टूरिज्म अवॉर्ड दिया जाएगा।
गंतव्य प्रबंधन, घरेलू एवं विदेशी पर्यटकों की संख्या, एडवेंचर टूरिज्म को बढ़ावा देने के प्रयास और गतिविधियों से प्राप्त राजस्व प्रमुख मूल्यांकन मानदंड होंगे।
पर्यटकों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण अनुभव उपलब्ध कराने, नए एडवेंचर प्रोडक्ट विकसित करने तथा प्राकृतिक पर्यटन स्थलों को एडवेंचर टूरिज्म के लिए विकसित एवं प्रचारित करने के प्रयासों को भी महत्व दिया जाएगा।
15 सितंबर तक भेज सकेंगे आवेदन
‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ के लिए इच्छुक व्यक्ति, संस्थाएं और पात्र पर्यटन हितधारक 15 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन it@visitcg.in पर ई-मेल के माध्यम से भेजे जा सकेंगे। आवेदन पत्र छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
प्राप्त आवेदनों का मूल्यांकन निर्धारित पात्रता और मूल्यांकन मानदंडों के आधार पर राज्य पर्यटन विभाग/निर्णायक समिति द्वारा किया जाएगा।
पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्टता को मिलेगा प्रोत्साहन
‘विश्व पर्यटन दिवस पुरस्कार-2026’ के जरिए छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड पर्यटन क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पहचान देने के साथ नवाचार, सतत पर्यटन, बेहतर सेवाओं, डिजिटल प्रचार, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने पर जोर दे रहा है।
इस पहल से होटल, रिसॉर्ट, टूर ऑपरेटर, होमस्टे, स्टार्टअप, जिले, पर्यटक सूचना केंद्र, सोशल मीडिया क्रिएटर और एडवेंचर टूरिज्म संचालकों को अपने काम को सामने लाने का अवसर मिलेगा।
