
मुंगेली। जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ मुंगेली पुलिस का “ऑपरेशन बाज” लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम चकरभाठा में अवैध शराब के खिलाफ दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 358 पाव शराब और परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे एक मोटरसाइकिल व एक स्कूटी को जब्त किया है।
चकरभाठा-टेमरी मार्ग पर पुलिस की घेराबंदी
पुलिस के मुताबिक, 3 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम चकरभाठा-टेमरी मार्ग पर दो व्यक्ति स्कूटी से बड़ी मात्रा में देशी शराब लेकर अवैध बिक्री के लिए जा रहे हैं। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
तलाशी के दौरान एक थैले से 144 पाव और एक बोरी से 150 पाव, इस तरह कुल 294 पाव देशी प्लेन शराब बरामद की गई। शराब की कुल मात्रा 52.920 बल्क लीटर और कीमत 23,520 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल स्कूटी क्रमांक CG 28 L 5138 को भी जब्त किया। मामले में भूपेन्द्र कुमार घृतलहरे, उम्र 26 वर्ष और सूरज भास्कर, उम्र 20 वर्ष, दोनों निवासी गोरखपुर, थाना फास्टरपुर, जिला मुंगेली को गिरफ्तार किया गया। दोनों के खिलाफ धारा 34(2), 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
दूसरे मामले में भी शराब जब्त
इसी तरह 2 सितंबर 2026 को सिटी कोतवाली पुलिस ने टेमरी मार्ग चकरभाठा में मोटरसाइकिल Pulsar CG 25 Q 2280 से अवैध रूप से ले जाई जा रही शराब पकड़ी।
पुलिस ने आरोपी हरिश घृतलहरे के कब्जे से 50 पाव देशी प्लेन शराब और 7 पाव गोवा अंग्रेजी शराब, कुल 57 पाव शराब बरामद की। जब्त शराब की कुल मात्रा 10.260 बल्क लीटर और कीमत 4,840 रुपये बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया और 3 सितंबर को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
दो मामलों में 3 आरोपी, 358 पाव शराब और 2 वाहन जब्त
सिटी कोतवाली पुलिस की कार्रवाई में दोनों मामलों को मिलाकर कुल 3 आरोपियों की गिरफ्तारी, 358 पाव शराब की जब्ती और शराब परिवहन में इस्तेमाल 2 वाहनों की जब्ती की गई है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई जिले में नशे और अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन बाज” के तहत की गई है।
कार्रवाई में इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में निरीक्षक कार्तिकेश्वर जांगड़े, प्रभारी थाना सिटी कोतवाली मुंगेली, प्र.उप निरीक्षक मुकेन्द्र नेताम, नवीन, प्र.आर. बालीराम ध्रुव, आरक्षक अजय चन्द्राकर, संजय यादव, दीप खुंटे एवं नोहर डड़सेना की महत्वपूर्ण भूमिका रही।