म्यूल बैंक खातों के महिला सहित छह खाताधारक जेल दाखिल

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

दुर्ग  । कमीशन के लालच में बैंक खाते , पासबुक , एटीएम कार्ड , चेकबुक एवं सिम कार्ड उपलब्ध कराने वाले महिला सहित छह आरोपियों को थाना सुपेला पुलिस ने वैधानिक कार्यवाही करते हुये विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया , जहां से उन्हें न्यायिक रिमाण्ड पर जेल भेज दिया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एवं उमनि विजय अग्रवाल से इस संबंध में मिली विस्तृत जानकारी के अनुसार थाना सुपेला के अपराध क्रमांक 679/2026 धारा 318(2) , 318(3) , 317(4) बीएनएस में साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के लेनदेन एवं हस्तांतरण के लिये उपयोग किये जा रहे बैंक खातों की जांच की गई। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि संबंधित खाताधारकों द्वारा स्वयं के अथवा अन्य व्यक्तियों के बैंक खातों से संबंधित पासबुक , एटीएम कार्ड , चेकबुक एवं सिम कार्ड कमीशन/प्रतिफल के लालच में अन्य व्यक्तियों को उपलब्ध कराये गये थे। विवेचना के दौरान प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त खातों को 2,000 रूपये से 15,000 रूपये तक के कमीशन/प्रतिफल के बदले उपलब्ध कराया गया था। बाद में इन बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के विभिन्न खातों में अंतरण एवं प्राप्ति के लिये किया गया। बैंक खातों के विश्लेषण में लाखों रुपये से अधिक की संदिग्ध धनराशि के लेनदेन की जानकारी प्राप्त हुई। प्रकरण में प्राप्त तकनीकी साक्ष्य , बैंक खातों के लेनदेन के विश्लेषण एवं अन्य साक्ष्यों के आधार पर आज थाना सुपेला में 06 संबंधित खाताधारकों के विरुद्ध विधिवत वैधानिक कार्यवाही की गई। आरोपियों द्वारा कमीशन/प्रतिफल प्राप्त करने के उद्देश्य से बैंक खाते एवं उनसे संबंधित पासबुक, एटीएम कार्ड, चेकबुक तथा सिम कार्ड अन्य व्यक्तियों को उपलब्ध कराए गए। इन खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि को विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित करने एवं उसके लेनदेन को संचालित करने के लिये किया गया।

गिरफ्तार आरोपीगण –

दिनेश सोना उम्र 22 वर्ष निवासी – इस्लाम नगर उत्कल पारा सुपेला , हेमन्त कुमार मिश्रा उम्र 37 वर्ष निवासी – शंकर पारा नूर मस्जिद के सामने सुपेला , मोहम्मद आरिफ उम्र 30 वर्ष निवासी – दुर्गा चौक टंकी मरौदा , वीरेन्द्र विश्वकर्मा उम्र 34 वर्ष निवासी – हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी चरौदा , अखिलेश गुप्ता उम्र 55 वर्ष निवासी – 129 अनाज लाइन नेहरू भवन सुपेला और रीना देवी निवासी – शारदा पारा छावनी , जिला – दुर्ग (छत्तीसगढ़)।

जप्त सामाग्री –

बैंक पासबुक , एटीएम कार्ड , चेकबुक , सिम कार्ड , मोबाइल फोन और अन्य संबंधित दस्तावेज।

सराहनीय कार्य –

उक्त कार्यवाही में थाना सुपेला पुलिस एवं एसीसीयू की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। टीम द्वारा बैंक खातों के लेनदेन का विश्लेषण , तकनीकी साक्ष्यों का परीक्षण एवं संबंधित खाताधारकों की पहचान कर प्रकरण में वैधानिक कार्यवाही की गई।

दुर्ग पुलिस की अपील –

दुर्ग पुलिस आम नागरिकों से अपील करती है कि किसी भी व्यक्ति को अपना बैंक खाता , एटीएम कार्ड , पासबुक , चेकबुक अथवा मोबाइल सिम कार्ड उपयोग हेतु उपलब्ध ना करायें। कमीशन या आर्थिक लाभ के लालच में बैंक खाते की जानकारी अथवा बैंकिंग साधन किसी अन्य व्यक्ति को देना साइबर अपराध में उपयोग का कारण बन सकता है और खाताधारक भी वैधानिक जांच एवं कार्रवाई के दायरे में आ सकता है। यदि आपके बैंक खाते , एटीएम कार्ड , पासबुक , चेकबुक अथवा सिम कार्ड का किसी अन्य व्यक्ति द्वारा दुरुपयोग किये जाने की जानकारी मिलती है , तो तत्काल संबंधित बैंक एवं नजदीकी पुलिस थाना को सूचना दें तथा साइबर अपराध की स्थिति में साइबर हेल्पलाइन 1930 अथवा राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल के माध्यम से शिकायत दर्ज करायें। शिकायत की प्राप्ति का प्रमाण सुरक्षित रखें।

Bhaskar Path

The News Related To The News Engaged In The https://bhaskarpath.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

Latest from Blog

error: Content is protected !!