संत शिरोमणि रविदास की जन्मभूमि की पवित्र मिट्टी का कलश वितरण कार्यक्रम संपन्न।

सामाजिक समरसता, समानता और एकता का दिया संदेश, संत रविदास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प

मुंगेली। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व के निर्देशानुसार संत शिरोमणि रविदास की जन्मभूमि गोवर्धनपुर, वाराणसी की पवित्र मिट्टी के कलश वितरण कार्यक्रम का आयोजन जिला भाजपा कार्यालय अटल परिसर, मुंगेली में किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सामाजिक समरसता, समानता, एकता और समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त करने के लिए संत रविदास के विचारों एवं संदेश को जन-जन तक पहुंचाना रहा।

कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता, पंडित दीनदयाल उपाध्याय एवं डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में संत समाज, विभिन्न सामाजिक वर्गों के प्रतिनिधियों सहित भाजपा के जिला, मंडल, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।

संत रविदास का जीवन सामाजिक समरसता की प्रेरणा : अरुण साव

मुख्य वक्ता उपमुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानवता का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने अपने विचारों और आध्यात्मिक साधना के माध्यम से समाज को एकता और भाईचारे का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि संत रविदास ने समाज में व्याप्त भेदभाव को समाप्त करने का संदेश देते हुए मानव-मानव के बीच समानता का भाव स्थापित किया। उनका संदेश आज भी प्रासंगिक है। वर्तमान समय में समाज को विभाजित करने के प्रयासों के बीच संत रविदास के विचार लोगों को एकजुट होकर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।

साव ने कहा कि समाज की एकता और समरसता ही राष्ट्र की शक्ति है। संगठित समाज के माध्यम से देश को विकास की दिशा में आगे ले जाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

छह माह तक होंगे संत रविदास के विचारों पर कार्यक्रम

मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि संत रविदास की जन्मस्थली गोवर्धनपुर, वाराणसी की पवित्र मिट्टी को कलश के रूप में देशभर में पहुंचाया जा रहा है। इस पवित्र मिट्टी का पूजन किया जाएगा। आगामी छह माह तक संत रविदास के जीवन, संघर्ष, विचार एवं संदेश पर चर्चा कर उनके आदर्शों को समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचारों को आत्मसात कर समाज में भाईचारा, समानता और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करना सभी की जिम्मेदारी है।

संतों की वाणी को जीवन में अपनाने की जरूरत

प्रभारी मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि संत रविदास ने समाज की एकता और अखंडता के लिए महत्वपूर्ण कार्य किया। उनके उपदेशों और वाणी को केवल सुनने के बजाय जीवन में अपनाने की आवश्यकता है। संतों की वाणी और भजनों को जन-जन तक पहुंचाने से समाज में शांति, सद्भाव और भाईचारे की भावना मजबूत होगी।

उन्होंने संत रविदास की प्रसिद्ध वाणी “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का उल्लेख करते हुए कहा कि उनकी वाणी में जीवन को बेहतर बनाने की गहरी सीख छिपी है।

दीनानाथ उपाध्याय ने कहा कि संतों का संदेश मानव मात्र को एकता और समानता की भावना से जोड़ने वाला है। उन्होंने कहा कि संत सामाजिक बंधनों से ऊपर उठकर मानवता और परमात्मा के संबंध का संदेश देते हैं।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने किया अतिथियों का स्वागत

भाजपा जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी ने स्वागत भाषण देते हुए संत रविदास को सामाजिक समरसता का अग्रदूत बताया। उन्होंने अतिथियों, संत समाज एवं विभिन्न सामाजिक वर्गों से आए प्रतिनिधियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम का संचालन जिला भाजपा महामंत्री गुरमीत सलूजा ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन जिला महामंत्री कैलाश सिंह ठाकुर ने किया।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे, पूर्व सांसद लखनलाल साहू, रामकमल सिंह, चितरेखा जांगड़े, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शैलेष पाठक, गिरीश शुक्ला, कोमल गिरी गोस्वामी, नरेंद्र शर्मा, राजेंद्र वैष्णव, दीनानाथ उपाध्याय, सियाराम डोंडे, रघुनंदन कर्माकर, मदन लाल कर्माकर, पी.आर. रामपुरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे।

इसके अलावा मंडल अध्यक्ष सौरभ बाजपेयी सहित जिला, मंडल, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा समाज के गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समाचार प्रदाता: रामशरण यादव, जिला मीडिया प्रभारी, भाजपा मुंगेली

Bhaskar Path

The News Related To The News Engaged In The https://bhaskarpath.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

Latest from Blog

error: Content is protected !!