स्वास्थ्य सेवाओं में मितानिनों के योगदान की जनप्रतिनिधियों ने की सराहना
जरहागांव। मितानिन दिवस के अवसर पर नगर पंचायत जरहागांव के तत्वावधान में मितानिन बहनों के सम्मान में गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान नगर पंचायत क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति समर्पित भाव से कार्य करने वाली मितानिन बहनों को शाल, श्रीफल एवं साड़ी भेंटकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में नगर पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रूपाली वेदप्रकाश, उपाध्यक्ष मनोज कश्यप, सभापति धीर सिंह बंजारे, एल्डरमेन चंद्रकांत वैष्णव, सुरेंद्र कश्यप एवं सदराम सहित जनप्रतिनिधि तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि मितानिन बहनें स्वास्थ्य सेवाओं की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। वे घर-घर पहुंचकर गर्भवती माताओं, बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी एवं मार्गदर्शन देती हैं। शासन की योजनाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने में भी उनकी अहम भूमिका है।
वक्ताओं ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी मितानिन बहनें पूरी निष्ठा और सेवाभाव से अपने दायित्व निभाती हैं। सम्मान पाकर मितानिन बहनों के चेहरे पर खुशी और उत्साह नजर आया। नगर पंचायत ने उनके योगदान के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।




