डॉ.भीमराव अंबेडकर शिक्षण संस्थान में शिक्षक दिवस मनाया गया

सेवानिवृत्त वरिष्ठ शिक्षकों सहित उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का हुआ सम्मान

मुंगेली। डॉ. भीमराव अंबेडकर शिक्षण संस्थान मुंगेली में संस्था अध्यक्ष राजेन्द्र दिवाकर एवं व्यवस्थापक एचआर भास्कर के मार्गदर्शन में शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत बाबा गुरु घासीदास, सावित्रीबाई फुले, डॉ. भीमराव अंबेडकर एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर श्रद्धा सुमन अर्पित करने के साथ हुई।

इसके बाद दैनिक प्रार्थना के साथ संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराया गया। कार्यक्रम में शिक्षक के महत्व, उनके योगदान और समाज निर्माण में शिक्षकों की भूमिका पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

सेवानिवृत्त एवं उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान

इस अवसर पर जिले के सेवानिवृत्त वरिष्ठ शिक्षक एवं जिला अध्यक्ष पेंशनर संघ सईद खान, नारायण भास्कर, कृपाल दास जांगड़े, हौसलाल रात्रे, सुशीला घृतलहरे एवं मधुलता श्रीवास्तव का सम्मान किया गया। इसके साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षक जेआर साहू, अनीता साहू एवं संकुल शैक्षिक समन्वयक नरेश सोनवानी को भी संस्थान के पदाधिकारियों द्वारा शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

सम्मानित शिक्षकों ने अपने उद्बोधन में शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन से उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहन मिलता है। साथ ही अन्य शिक्षकों को भी बेहतर कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। शिक्षक समाज की नई पीढ़ी के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और बच्चे अपने शिक्षकों के कार्यों एवं व्यवहार से सीखकर उनका अनुकरण करते हैं।

गुरु समाज और राष्ट्र का शिल्पकार : राजेन्द्र दिवाकर

संस्था अध्यक्ष राजेन्द्र दिवाकर ने कहा कि भगवान ने स्वयं कहा है कि मेरे से बढ़कर गुरु है। माता-पिता और गुरु दो ही देवता हैं, जिनके आशीर्वाद से व्यक्ति अपने जीवन को सफल बना सकता है। उन्होंने कहा कि गुरु व्यक्ति, परिवार और समाज का शिल्पकार है। गुरु के मार्गदर्शन में तैयार पीढ़ियां आगे चलकर समाज और देश के निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान देती हैं।

उन्होंने कहा कि जब शिक्षक कक्षा की चारदीवारी से बाहर निकलकर बच्चों के सपनों को आकार देने लगते हैं, तब उनकी मेहनत सिर्फ एक स्कूल का भविष्य नहीं, बल्कि पूरी पीढ़ी का भविष्य संवारती है। ऐसे संतों, गुरुओं और महापुरुषों को कोटि-कोटि नमन है।

पदाधिकारी, शिक्षक और विद्यार्थी रहे मौजूद

कार्यक्रम में संस्थान के पदाधिकारी एवं सदस्यगण व्यवस्थापक एचआर भास्कर, प्राचार्य आशा दिवाकर, जगदीश कांत, राजेश दिवाकर, जितेंद्र कुमार सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उप प्राचार्य छत्रपाल डाहीरे ने आभार प्रदर्शन किया।

Bhaskar Path

The News Related To The News Engaged In The https://bhaskarpath.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

Latest from Blog

error: Content is protected !!