बगबुडवा चोरीकांड का 12 घंटे में खुलासा, चार आरोपी गिरफ्तार 7 सोने के लॉकेट, चांदी की सकरी और 16,500 रुपए नकद बरामद, कुल 64,500 रुपए की संपत्ति जब्त

पथरिया। थाना पथरिया क्षेत्र के ग्राम बगबुडवा में हुई चोरी के मामले का पुलिस ने एफआईआर दर्ज होने के 12 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी किए गए 7 नग सोने के लॉकेट, 1 नग चांदी की सकरी और 16,500 रुपए नगद सहित कुल 64,500 रुपए की संपत्ति बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार ग्राम बगबुडवा निवासी दिलहरण मरावी पिता स्व. तिहारू राम, उम्र 50 वर्ष ने 10 सितंबर 2026 को थाना पथरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक 3 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोर घर में घुसा और कमरे के अंदर आलमारी में रखे 7 नग सोने के लॉकेट एवं 1 नग चांदी की सकरी, कुल कीमत 48 हजार रुपए तथा गुल्लक पेटी में रखे 27 हजार रुपए नगद चोरी कर ले गया। रिपोर्ट पर थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 227/2026, धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

एसएसपी के निर्देश पर गठित की गई टीम

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन में चोरी गई संपत्ति की शत-प्रतिशत बरामदगी और अज्ञात आरोपी की पतासाजी के निर्देश दिए गए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में थाना पथरिया पुलिस की टीम गठित की गई। टीम को अलग-अलग जिम्मेदारी सौंपकर आरोपियों और चोरी की संपत्ति की तलाश शुरू की गई।

लॉकेट बेचने ग्राहक तलाश रहा था संदेही

पुलिस के मुताबिक पतासाजी के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बगबुडवा निवासी संदेही ईश्वर मरावी सोने का लॉकेट बेचने के लिए ग्राहक की तलाश कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने ईश्वर मरावी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में उसने अपने साथियों कैप खान, असरफ खान और सुभान खान के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।

इसके बाद पुलिस टीम ने ग्राम बगबुडवा निवासी कैप खान, सुभान खान एवं अशरफ खान को भी हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में चारों आरोपियों ने अपराध करना स्वीकार किया।

आरोपियों से इस तरह हुई बरामदगी

पुलिस के अनुसार आरोपी ईश्वर मरावी के कब्जे से 3 नग सोने के लॉकेट और 13 हजार रुपए नगद, कैप खान से 4 नग सोने के लॉकेट, सुभान खान से 1 नग चांदी की सकरी तथा अशरफ खान से चोरी की 3,500 रुपए नगद बरामद की गई।

इस तरह पुलिस ने कुल 7 नग सोने के लॉकेट, 1 नग चांदी की सकरी जिसकी कीमत 48 हजार रुपए बताई गई है तथा 16,500 रुपए नगद, कुल 64,500 रुपए की चोरी गई संपत्ति बरामद की।

चारों आरोपी जेल दाखिल

पुलिस के अनुसार बरामदगी के बाद प्रकरण में धारा 317(2), 3(5) बीएनएस जोड़ी गई। आरोपी ईश्वर मरावी पिता गिरधारी, उम्र 18 वर्ष, कैप खान पिता मोबिन, उम्र 24 वर्ष, सुभान खान पिता मोबिन खान, उम्र 20 वर्ष तथा अशरफ खान पिता एहसान अली, उम्र 19 वर्ष, सभी निवासी बगबुडवा, थाना पथरिया, जिला मुंगेली को 11 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार किया गया। इसके बाद चारों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल किया गया।

पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक पवन देवांगन, प्रभारी थाना पथरिया, प्र.उप निरीक्षक योगेश कुमार भट्ट, भारती मरकाम, प्र.आर. तीनजुगी राजपूत, आरक्षक स्वारथ लाल ध्रुव, दीपक ठाकुर, शिवशंकर गोयल, राजीव पटेल एवं सूरज मंडावी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Bhaskar Path

The News Related To The News Engaged In The https://bhaskarpath.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

Latest from Blog

error: Content is protected !!