रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, सभापति सूर्यकांत राठौड़, संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी सहित वरिष्ठ-कनिष्ठ अभियंताओं ने अर्पित की पुष्पांजलि
स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर का सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने रक्तचाप की जांच करवाकर किया शुभारंभ
वरिष्ठ अभियंताओं के अनुभव और व्यवहारिक ज्ञान का लाभ लेकर आगे बढ़ें कनिष्ठ अभियंता : सूर्यकांत राठौड़
रायपुर। भारत रत्न महान अभियंता मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की 166वीं जयंती के अवसर पर राजधानी रायपुर में अभियंता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर पीडब्ल्यूडी चौक, सिविल लाइन स्थित मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की प्रतिमा स्थल पर संक्षिप्त पुष्पांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, नगर निगम रायपुर के सभापति सूर्यकांत राठौड़, संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अभियंता शामिल हुए और महान अभियंता को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
कार्यक्रम का आयोजन नगर निगम रायपुर के संस्कृति विभाग के तत्वावधान में नगर निगम जोन क्रमांक 4 के सहयोग से किया गया। इस दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अभियंताओं एवं नागरिकों ने मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके योगदान को स्मरण किया।
विकास में अभियंताओं की महत्वपूर्ण भूमिका
पुष्पांजलि कार्यक्रम के दौरान नगर निगम रायपुर के सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने भारत रत्न महान अभियंता मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया को उनकी जयंती पर श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए कहा कि अभियंताओं ने हमेशा देश, छत्तीसगढ़ और रायपुर शहर के विकास एवं निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि किसी भी शहर या राज्य के विकास में अभियंताओं का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। सड़क, भवन, जल व्यवस्था, विद्युत, नगरीय अधोसंरचना सहित विभिन्न विकास कार्यों को बेहतर रूप देने में अभियंताओं की तकनीकी दक्षता और अनुभव की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है।
वरिष्ठों के अनुभव से सीखें कनिष्ठ अभियंता
सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि वरिष्ठ अभियंताओं के पास वर्षों के कार्य अनुभव के साथ अमूल्य व्यवहारिक ज्ञान भी होता है। उन्होंने कनिष्ठ अभियंताओं से अपील की कि वे वरिष्ठ अभियंताओं के अनुभव एवं मार्गदर्शन का लाभ लें और उनसे विनम्रतापूर्वक व्यवहारिक ज्ञान प्राप्त करने का संकल्प लें।
उन्होंने कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ कार्यक्षेत्र में प्राप्त अनुभव भी किसी अभियंता के व्यक्तित्व और कार्यक्षमता को मजबूत करता है। वरिष्ठों से सीखकर कनिष्ठ अभियंता अपने विभाग और कार्यालय में बेहतर ढंग से कार्य कर सकेंगे। इसका लाभ आम नागरिकों को भी मिलेगा और वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए आने वाले लोगों को अधिक प्रभावी ढंग से संतुष्ट कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि अभियंता दिवस केवल महान अभियंता विश्वेश्वरैया को याद करने का अवसर नहीं है, बल्कि उनके जीवन, कार्यशैली, अनुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण से प्रेरणा लेने का दिन भी है।
स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर का शुभारंभ
अभियंता दिवस के अवसर पर रायपुर संयुक्त अभियंता आयोजन समिति के तत्वावधान में मूर्ति स्थल के समीप निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। नगर निगम रायपुर के सभापति सूर्यकांत राठौड़ ने स्वयं रक्तचाप की जांच करवाकर शिविर का शुभारंभ किया।
शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण के साथ रक्तदान को लेकर भी लोगों को जागरूक किया गया। आयोजन समिति की ओर से बताया गया कि रक्तदान जरूरतमंद मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। इस प्रकार अभियंता दिवस के अवसर पर तकनीकी क्षेत्र के योगदान के साथ सामाजिक सेवा का संदेश भी दिया गया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में सेवानिवृत्त वरिष्ठ आईएएस अधिकारी इंदिरा मिश्रा, नगर निगम रायपुर के संस्कृति विभाग अध्यक्ष अमर गिदवानी, रायपुर संयुक्त अभियंता आयोजन समिति के संयोजक डॉ. एम.एल. अग्रवाल, संरक्षक पी.एन. सिंह, वरिष्ठ अभियंता सी.पी. शर्मा, मनोज वर्मा, योगेश शर्मा, वरिष्ठ वास्तुविद सी.एस. पिल्लीवार, छत्तीसगढ़ राज्य पावर वितरण कंपनी के सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता पी.एन. खरे, रायपुर विकास प्राधिकरण के सेवानिवृत्त अधीक्षण अभियंता डी.एस. परोहा, छत्तीसगढ़ राज्य नगरीय प्रशासन एवं विकास संचालनालय के मुख्य अभियंता राजेश शर्मा, नगर निगम रायपुर के अधीक्षण अभियंता राजेश राठौर, राज्य लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता राजेश नशीने सहित राजधानी के अनेक वरिष्ठ एवं कनिष्ठ अभियंता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने महान अभियंता मोक्षगुंडम विश्वेश्वरैया के जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। अभियंता दिवस के आयोजन ने तकनीकी दक्षता, अनुभव के सम्मान और समाजसेवा के महत्व का संदेश दिया।