सेवा संकल्प अभियान: स्वच्छता ही सेवा अंतर्गत चला स्वच्छता अभियान

जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने श्रमदान कर दिया स्वच्छता का संदेश

महात्मा गांधी की प्रतिमा पर किया गया माल्यार्पण

मुंगेली// सेवा संकल्प अभियान एवं राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर स्वच्छ भारत दिवस के अंतर्गत आज जिले में व्यापक स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। अभियान के माध्यम से स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और स्वच्छ एवं सुंदर शहर के निर्माण में सामूहिक सहभागिता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत पुराना बस स्टैंड स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष साफ-सफाई से हुई। इसके पश्चात जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

इसके बाद डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी स्टेडियम परिसर स्थित पुष्पवाटिका, मैदान एवं चौपाटी क्षेत्र में स्वच्छता अभियान चलाया गया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अमर स्तम्भ में पुष्प अर्पित कर वीर शहीद जवानों को नमन किया। उन्होंने स्वयं श्रमदान करते हुए स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर अटल परिसर की साफ-सफाई की और लोगों को सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ के तहत वृक्षारोपण कर पर्यावरण के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश दिया।

इस अवसर पर विधायक पुन्नूलाल मोहले, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, अपर कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल रावटे, नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला, जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, जिलाध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, शैलेष पाठक सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

विधायक मोहले ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थलों की नियमित साफ-सफाई, कचरे का उचित निपटान और स्वच्छता संबंधी आदतों को अपनाकर शहर एवं जिले को स्वच्छ और सुंदर बनाने में प्रत्येक व्यक्ति महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने, स्वच्छ वातावरण बनाए रखने तथा व्यक्तिगत एवं सामुदायिक स्तर पर स्वच्छता अपनाने की शपथ दिलाई।

जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य गांव में गंदे एवं कचरा ढेर जमा स्थान के साथ ही सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई करने के साथ-साथ आमजनों में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता फैलाना है।

कलेक्टर ने कहा कि स्वच्छता सिर्फ एक अभियान नहीं, बल्कि सोच और जीवनशैली का हिस्सा होनी चाहिए। उन्होंने जिलेवासियों से अपील की कि वे अपने घर, गली, मोहल्ला, गांव और शहर को स्वच्छ बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम के समापन में स्वच्छता दीदियों सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के कार्यकर्ताओं को वृक्षारोपण सहित स्वच्छता कार्य के लिए प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

Lavjeet Singh Saluja

जिला ब्यूरो चीफ, मुंगेली
मुंगेली जिले की प्रमुख खबरों, जनसमस्याओं एवं सामाजिक सरोकारों को प्रभावी और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने वाले सक्रिय पत्रकार।

Latest from Blog

error: Content is protected !!