राष्ट्रीय सोयाबीन अनुसंधान संस्थान में दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न, 20 किसानों ने सीखी उन्नत उत्पादन, फसल संरक्षण और मूल्य संवर्धन तकनीक
इंदौर । किसानों की आमदनी बढ़ाने के लिए खेती को अधिक लाभकारी बनाना जरूरी है। किसानों को खेती से बाहर निकालना लक्ष्य नहीं, बल्कि खेती की लागत कम कर उत्पादन एवं उत्पाद की गुणवत्ता बढ़ाकर उनकी आय में वृद्धि करना प्राथमिकता होनी चाहिए। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के विभिन्न संस्थानों के वैज्ञानिकों की प्रत्यक्ष निगरानी में प्रदर्शन प्लॉट स्थापित कर किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों से जोड़ने की आवश्यकता है। यह बात केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कही।
वे राष्ट्रीय सोयाबीन अनुसंधान संस्थान, इंदौर द्वारा 5 एवं 6 अक्टूबर को आयोजित दो दिवसीय कृषक प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन अवसर पर संबोधित कर रहे थे। प्रशिक्षण का विषय ‘सोयाबीन की उन्नत उत्पादन, फसल संरक्षण एवं मूल्य संवर्धन/प्रसंस्करण तकनीक’ रखा गया था।
किसानों को खेत स्तर पर तकनीक से जोड़ने पर जोर
कृषि मंत्री के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश कृषि रोडमैप-2026 के अंतर्गत रायसेन, विदिशा, सीहोर एवं देवास जिलों के विभिन्न गांवों में कृषि विकास से संबंधित व्यापक परियोजना संचालित की जा रही है। इसके तहत भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद के विभिन्न संस्थानों द्वारा संबंधित फसलों की उन्नत तकनीकों के प्रदर्शन प्लॉट स्थापित किए जा रहे हैं।
साथ ही किसानों की क्षमता निर्माण, तकनीकी ज्ञान और जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में राष्ट्रीय सोयाबीन अनुसंधान संस्थान, इंदौर द्वारा सीहोर जिले के विभिन्न गांवों से चयनित करीब 20 किसानों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
सीहोर के विभिन्न गांवों से पहुंचे किसान
प्रशिक्षण में बाया, मकोड़िया, सतार, निम्ना, चींच, चांदा, ग्रहण, रिहेटी, बोरदी, सरदार नगर, कावदा और जहानपुर सहित विभिन्न गांवों के किसानों ने भाग लिया। भैरूंदा, सलकनपुर, लाड़कुई, चकल्दी एवं गोपालपुर क्षेत्र के किसान भी प्रशिक्षण में शामिल हुए।
प्रशिक्षण के दौरान किसानों ने वैज्ञानिकों से सीधे संवाद किया और खेती से जुड़ी अपनी समस्याओं एवं जिज्ञासाओं के समाधान प्राप्त किए।
रेज्ड-बेड और BBF पद्धति की दी जानकारी
किसानों को सोयाबीन की उन्नत उत्पादन तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई। विशेष रूप से रेज्ड-बेड तथा ब्रॉड-बेड-फरो (BBF) पद्धति से सोयाबीन की बुवाई के फायदे बताए गए।
वैज्ञानिकों ने बताया कि इन तकनीकों के माध्यम से बेहतर जल प्रबंधन, फसल स्थापना, उत्पादन लागत में कमी तथा प्रतिकूल मौसम की परिस्थितियों में फसल की क्षमता बढ़ाने में मदद मिल सकती है। किसानों को खरपतवार प्रबंधन, रोग एवं कीट नियंत्रण तथा जैविक एवं अजैविक तनावों से फसल बचाने की आधुनिक तकनीकों की जानकारी भी दी गई।
प्रशिक्षणार्थियों को संस्थान में स्थापित विभिन्न प्रदर्शन प्लॉटों का भ्रमण कराया गया। इस दौरान वैज्ञानिकों ने खेत स्तर पर तकनीकों की उपयोगिता और उनके व्यावहारिक पहलुओं को समझाया।
सोयाबीन से दूध, पनीर और कुकीज बनाने का प्रदर्शन
प्रशिक्षण में सोयाबीन के मूल्य संवर्धन एवं प्रसंस्करण पर विशेष जोर दिया गया। संस्थान की वैज्ञानिक डॉ. नेहा पांडे ने सोयाबीन से दूध, पनीर, उपमा, हलवा, कुकीज सहित विभिन्न खाद्य उत्पाद तैयार करने की विधि का सजीव प्रदर्शन किया।
किसानों ने इन उत्पादों को तैयार करने की प्रक्रिया को समझने के साथ उनका स्वाद भी लिया। सोया आधारित खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं स्वाद की प्रतिभागियों ने सराहना की।
वैज्ञानिकों ने बताया कि किसान केवल सोयाबीन उत्पादन तक सीमित न रहकर उसके प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन को भी अपनाएं तो ग्रामीण परिवारों के लिए अतिरिक्त आय के अवसर विकसित किए जा सकते हैं।
बीज प्रसंस्करण इकाई का किया भ्रमण
प्रशिक्षण के दौरान किसानों को संस्थान की बीज प्रसंस्करण इकाई का भ्रमण कराया गया। यहां उन्हें गुणवत्तापूर्ण बीज उत्पादन एवं प्रसंस्करण की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। किसानों ने संस्थान में संचालित विभिन्न अनुसंधान एवं प्रदर्शन कार्यक्रमों को भी देखा तथा वैज्ञानिकों से सीधे चर्चा की।
दो दिवसीय प्रशिक्षण में वैज्ञानिकों ने स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप खेती से जुड़ी समस्याओं के व्यावहारिक एवं वैज्ञानिक समाधान बताए।
वैज्ञानिकों की प्रत्यक्ष निगरानी जरूरी
प्रशिक्षण के समापन अवसर पर वैज्ञानिकों ने कहा कि किसानों को केवल तकनीकी जानकारी देना पर्याप्त नहीं है। तकनीक का खेत स्तर पर सफल क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए प्रदर्शन, प्रशिक्षण और वैज्ञानिकों की प्रत्यक्ष निगरानी जरूरी है।
ऐसे कार्यक्रमों से किसानों की उत्पादन क्षमता बढ़ाने, खेती की लागत कम करने, कृषि उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने और सोयाबीन आधारित मूल्य संवर्धन के जरिए कृषक आय बढ़ाने में मदद मिल सकती है।
वैज्ञानिकों और तकनीकी दल ने निभाई अहम भूमिका
दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन संस्थान के निदेशक डॉ. के.एच. सिंह के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम के सफल संचालन एवं किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करने में डॉ. बी.यू. दुपारे, समन्वयक डॉ. लोकेश कुमार मीना, डॉ. संजीव कुमार और डॉ. हेमंत माहेश्वरी सहित संस्थान के वैज्ञानिकों एवं तकनीकी दल ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
राष्ट्रीय सोयाबीन अनुसंधान संस्थान, इंदौर द्वारा मध्य प्रदेश कृषि रोडमैप-2026 के अंतर्गत किसानों तक नवीनतम सोयाबीन उत्पादन, फसल संरक्षण एवं मूल्य संवर्धन तकनीकों को पहुंचाने तथा उन्हें खेत स्तर पर अपनाने के लिए प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं।





