जेल की दीवारों के बीच दिखा भाई-बहन का स्नेह, 567 बहनों ने 159 बंदियों को बांधी राखी

रक्षाबंधन पर जिला जेल में भावुक हुआ माहौल, सुरक्षा के बीच हुआ आयोजन

मुंगेली – जिला जेल मुंगेली में रक्षाबंधन का पर्व भाई-बहन के स्नेह और भावनात्मक जुड़ाव के साथ मनाया गया। जेल में निरुद्ध 159 बंदियों को उनकी 567 बहनों ने राखी बांधी और मिठाई खिलाकर पर्व की खुशियां साझा कीं। इस दौरान जेल परिसर में पारिवारिक स्नेह का भावुक माहौल नजर आया।

पहले से की गई थी तैयारी

रक्षाबंधन के अवसर पर जेल पहुंचने वाली बहनों और परिजनों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए जेल प्रशासन ने पहले से आवश्यक व्यवस्थाएं की थीं। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए परिजनों से मोबाइल फोन, नशीले पदार्थ, रुपये अथवा किसी अन्य आपत्तिजनक वस्तु साथ नहीं लाने का अनुरोध किया गया था। जेल परिसर में केवल राखी और मिठाई लाने की अनुमति दी गई।

कर्मचारियों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारी

आयोजन को व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए जेल कर्मचारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं। जेल पहुंचने वाली बहनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रवेश दिया गया। इसके बाद बहनों ने बंदियों को रक्षा सूत्र बांधा और मिठाई खिलाई।

बिना परेशानी के संपन्न हुआ आयोजन

राखी बांधने की प्रक्रिया पूरी होने के बाद बहनों को सुरक्षित तरीके से जेल परिसर से बाहर भेजा गया। सहायक जेल अधीक्षक ममता पटेल ने बताया कि रक्षाबंधन को लेकर जेल प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्थाओं का विशेष ध्यान रखा गया था। कर्मचारियों ने जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया।

रक्षाबंधन के दौरान जेल परिसर में भाई-बहन के बीच आत्मीयता और पारिवारिक स्नेह का दृश्य देखने को मिला। सुरक्षा व्यवस्था के बीच आयोजन शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।

Bhaskar Path

The News Related To The News Engaged In The https://bhaskarpath.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

Latest from Blog

error: Content is protected !!