कलेक्टर अमृत विकास तोपनो से मिले नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,शहर की सड़क-नाली और कॉलोनियों की मूलभूत सुविधाओं को लेकर हुई व्यापक चर्चा

मुंगेली@भास्कर अखबार । नगर के विकास एवं नागरिकों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं एवं जनप्रतिनिधियों ने नवपदस्थ कलेक्टर अमृत विकास तोपनो से मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर का पुष्पगुच्छ एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर स्वागत किया और नगर के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की।

मुलाकात के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने कलेक्टर को मुंगेली नगर की विभिन्न समस्याओं से अवगत कराया। विशेष रूप से सड़कों की स्थिति, नालियों की समस्या,जल निकासी,स्वच्छता तथा नगर के अन्य विकास कार्यों को लेकर चर्चा की गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर में लगातार विस्तार हो रहा है और बढ़ती आबादी के अनुरूप मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाना आवश्यक है।

कॉलोनियों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का किया अनुरोध

प्रतिनिधिमंडल ने नगर पालिका क्षेत्र में विकसित हो रही विभिन्न कॉलोनियों का विषय भी कलेक्टर के समक्ष रखा। नेताओं ने बताया कि कई कॉलोनियों में रहवासी निवास कर रहे हैं,लेकिन वहां सड़क,नाली एवं बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कलेक्टर से उक्त कॉलोनियों का आवश्यक निरीक्षण एवं संबंधित विभागों के माध्यम से मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में पहल करने का अनुरोध किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि शहर के सुनियोजित विकास के लिए नई विकसित कॉलोनियों में भी नागरिक सुविधाओं का विस्तार जरूरी है, ताकि वहां रहने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित करने की भावना से कराया अवगत

मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल द्वारा कलेक्टर अमृत विकास तोपनो को गौमाता का स्मृति चिन्ह भी भेंट किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने गौमाता के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए गौमाता को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने की मांग के समर्थन में अपनी भावनाएं कलेक्टर के समक्ष प्रेषित कीं।

नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला ने कहाकि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के बीच बेहतर समन्वय से ही नगर के विकास को गति दी जा सकती है। उन्होंने नगर की समस्याओं के समाधान के लिए प्रशासन के सहयोग की अपेक्षा जताई तथा जनहित से जुड़े विषयों पर लगातार समन्वय बनाए रखने की बात कही।

मुलाकात के दौरान कलेक्टर ने जनप्रतिनिधियों द्वारा रखे गए विभिन्न मुद्दों को गंभीरता से सुना। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि नगर की सड़क,नाली,बिजली एवं अन्य मूलभूत समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रशासन द्वारा आवश्यक पहल की जाएगी।

इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला,वरिष्ठ पार्षद अरविंद वैष्णव,जिला पंचायत सदस्य लक्ष्मीकांत भास्कर,विकास खांडेकर,संजय जायसवाल,श्रवण सोनकर,असद खोखर एवं वैभव ताम्रकार सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।

Bhaskar Path

The News Related To The News Engaged In The https://bhaskarpath.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

Latest from Blog

error: Content is protected !!