ढोल – नगाड़ों के बीच निकलेगी मुंगेली में यदुवंशियों  की भव्य शोभा यात्रा,कृष्ण जन्माष्टमी मे आगर मैदान में ₹25 हजार की दही हांडी पर होगा जोरदार मुकाबला

Oplus_16908288

मुंगेली @ भास्कर पथ श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर मुंगेली नगर में इस बार यादव समाज की भव्य शोभायात्रा और दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रहेगी। 5 सितंबर, शनिवार को दोपहर 12 बजे नया बस स्टैंड स्थित हनुमान मंदिर से विशाल यादव रैली एवं शोभायात्रा निकलेगी। शोभायात्रा के बाद आगर खेल परिसर में दही हांडी फोड़ महोत्सव आयोजित किया जाएगा। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार के रूप में ₹25 हजार की राशि रखी गई है।
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव दही हांडी फोड़ आयोजन समिति मुंगेली के तत्वावधान में होने वाले इस आयोजन को लेकर यादव समाज के युवाओं में खासा उत्साह है। कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। आयोजन समिति के सदस्यों ने नगर पालिका अध्यक्ष रोहित शुक्ला से मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
राधा-कृष्ण की जीवंत झांकी और गुदरूम बाजा रहेगा खास आकर्षण
शोभायात्रा दोपहर 12 बजे हनुमान मंदिर, नया बस स्टैंड से शुरू होगी। इसमें भगवान श्रीराधाकृष्ण की जीवंत झांकी लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी।
शोभायात्रा में धुमाल बैंड के साथ पहली बार विशाल गुदरूम बाजा प्रदर्शन, रावत नर्तकों की टोली और सुसज्जित हरि कीर्तन टोलियां शामिल होंगी। यादव समाज के युवा और आयोजन समिति के सदस्य शोभायात्रा को भव्य एवं यादगार बनाने के लिए तैयारियों में जुटे हैं।
शोभायात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए पड़ाव चौक, पुराना बस स्टैंड और दाऊपारा पहुंचेगी। इसके बाद शोभायात्रा आगर खेल परिसर में पहुंचेगी, जहां दही हांडी फोड़ प्रतियोगिता का आयोजन होगा।
₹25 हजार के प्रथम पुरस्कार के लिए होगा रोमांचक मुकाबला
आगर खेल परिसर में आयोजित होने वाली दही हांडी प्रतियोगिता इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगी। यह प्रतियोगिता का दूसरा वर्ष है। आयोजकों के अनुसार जिले के अलावा प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से भी गोविंदा टोलियों के शामिल होने की उम्मीद है।
ऊंचाई पर बांधी गई दही हांडी को फोड़ने के लिए गोविंदा टोलियां एक-दूसरे को चुनौती देंगी। ₹25 हजार के प्रथम पुरस्कार के लिए प्रतिभागी टीमें ताकत, संतुलन और टीमवर्क का प्रदर्शन करेंगी।
दही हांडी फोड़ने के दौरान बनने वाला रोमांचक माहौल नगरवासियों के लिए विशेष आकर्षण रहेगा।
राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के कई गणमान्य होंगे शामिल
कार्यक्रम में राजनीतिक, सामाजिक और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े कई गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुन्नूलाल मोहले, विधायक एवं पूर्व मंत्री मुंगेली होंगे। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता देवेंद्र यादव, विधायक भिलाई नगर एवं सचिव अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी करेंगे।
इसके अलावा रामकमल सिंह परिहार, अध्यक्ष जनपद पंचायत मुंगेली; रोहित शुक्ला, अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मुंगेली; जयप्रकाश मिश्रा, उपाध्यक्ष नगर पालिका परिषद मुंगेली; दीनानाथ केसरवानी, जिला अध्यक्ष भाजपा मुंगेली; घनश्याम वर्मा, अध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली; हेमेंद्र गोस्वामी, पूर्व अध्यक्ष नगर पालिका परिषद मुंगेली; थानेश्वर साहू, पूर्व प्रत्याशी लोरमी विधानसभा; संजीत बनर्जी, पूर्व प्रत्याशी मुंगेली विधानसभा; संजय यादव, उपाध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली एवं उपाध्यक्ष पांच राज यादव महासमिति; अशोक चंद्राकर, उपाध्यक्ष जिला कांग्रेस कमेटी मुंगेली; स्वतंत्र मिश्रा, पूर्व शहर अध्यक्ष कांग्रेस कमेटी मुंगेली; सौरभ बाजपेई, शहर अध्यक्ष भाजपा मुंगेली और दीपक गुप्ता, अध्यक्ष शहर कांग्रेस कमेटी मुंगेली सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक पदाधिकारी उपस्थित रहेंगे।
यादव समाज के प्रमुख अतिथियों की भी रहेगी मौजूदगी
आयोजन में समाज के प्रमुख पदाधिकारी एवं सम्माननीय अतिथि भी शामिल होंगे। इनमें डॉ. सोमनाथ यादव, पूर्व अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग आयोग छत्तीसगढ़ शासन; रामशरण यादव, पूर्व महापौर बिलासपुर तथा धनीराम यादव, अध्यक्ष पांच राज महासमिति मुंगेली प्रमुख रूप से शामिल हैं।
यादव समाज के अधिकारी भी होंगे कार्यक्रम में अतिथि
आयोजन में यादव समाज से जुड़े विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं वरिष्ठ पदाधिकारी भी अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इनमें गिरधारी लाल यादव (अपर कलेक्टर), प्रकाश यादव (नायब तहसीलदार), हरीशचन्द्र यादव (नायब तहसीलदार), विद्यानंद यादव (उप अभियंता, नगर पालिका परिषद मुंगेली), गिरजा शंकर यादव (थाना प्रभारी पथरिया), शोभा यादव (थाना प्रभारी जरहागांव), आई.पी. यादव (सेवानिवृत्त प्राचार्य), मोतीराम यादव (अध्यक्ष यादव समाज लोरमी राज), महादेव यादव (वरिष्ठ व्याख्याता) तथा त्रिभुवन यादव (अध्यक्ष, पूर्व सैनिक संगठन मुंगेली) शामिल हैं।
इसके अलावा स्थानीय विभिन्न समाजों के प्रमुख, गौंटिया, देवान, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और नगर पालिका परिषद के पार्षद भी विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल होंगे।
समाज के युवा संभाल रहे आयोजन की कमान
दही हांडी और शोभायात्रा को सफल बनाने के लिए आयोजन समिति के पदाधिकारी एवं यादव समाज के युवा लगातार तैयारियों में जुटे हैं।
आयोजन समिति के संयोजक एवं पार्षद सूरज यादव, अध्यक्ष सुरेंद्र (लल्ला) यादव, उपाध्यक्ष राहुल विक्की यादव, सचिव हरिश्चंद्र यादव, कोषाध्यक्ष जितेंद्र यादव और सहसंयोजक विजय यादव के नेतृत्व में व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
नगरवासियों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील
आयोजन समिति ने मुंगेली नगरवासियों से अधिक से अधिक संख्या में शोभायात्रा और दही हांडी फोड़ महोत्सव में शामिल होने की अपील की है। समिति का कहना है कि भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को भव्य और उत्साहपूर्ण तरीके से मनाने के लिए समाज के सभी वर्गों की भागीदारी महत्वपूर्ण है।
5 सितंबर को मुंगेली में निकलने वाली यादव शोभायात्रा, राधा-कृष्ण की जीवंत झांकी, गुदरूम बाजे का प्रदर्शन और ₹25 हजार की दही हांडी प्रतियोगिता आयोजन को खास बनाने वाली है।

Bhaskar Path

The News Related To The News Engaged In The https://bhaskarpath.com Web Portal Is Related To The News Correspondents The Editor Does Not Necessarily Agree With These Reports The Correspondent Himself Will Be Responsible For The News.

Latest from Blog

error: Content is protected !!