
मुंगेली@भास्कर पथ की रिपोर्ट छत्तीसगढ़ में संचालित प्रयास आवासीय विद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए कक्षा 9वीं में प्रवेश की प्रक्रिया जारी है। प्रवेश के लिए तृतीय काउंसिलिंग 09 सितंबर 2026 तक आयोजित की जाएगी। काउंसिलिंग के लिए पात्र छात्र-छात्राओं की सूची और निर्धारित तिथियां विभागीय वेबसाइट पर जारी कर दी गई हैं।
पात्र विद्यार्थी विभागीय वेबसाइट eklavya.cg.nic.in� पर सूची और काउंसिलिंग से संबंधित जानकारी देख सकते हैं।
सुबह 11 से शाम 4 बजे तक होगी काउंसिलिंग
सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग के अनुसार, काउंसिलिंग सूची में दर्शाए गए आबंटित प्रयास आवासीय विद्यालयों में प्रतिदिन सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक काउंसिलिंग की जाएगी।
वहीं, प्रयास बालक/कन्या आवासीय विद्यालय, जिला बीजापुर में कक्षा 9वीं में प्रवेश के लिए काउंसिलिंग प्रयास कन्या आवासीय विद्यालय गुढ़ियारी, जनता कॉलोनी, एपीसीआई गोदाम के पास, रायपुर में आयोजित होगी।
सीट खाली रही तो वेटिंग लिस्ट वालों की काउंसिलिंग
यदि तृतीय काउंसिलिंग के बाद सीटें रिक्त रहती हैं, तो प्रतीक्षा सूची में शामिल विद्यार्थियों के लिए 10 से 15 सितंबर 2026 तक काउंसिलिंग आयोजित की जाएगी।
हालांकि, 04 से 06 सितंबर और 12 से 15 सितंबर 2026 तक शासकीय अवकाश के कारण काउंसिलिंग आयोजित नहीं होगी।
काउंसिलिंग के लिए ये दस्तावेज जरूरी
काउंसिलिंग में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को निर्धारित तिथि पर आवश्यक दस्तावेजों के साथ उपस्थित होना अनिवार्य है। इनमें प्रमुख रूप से—
कक्षा 8वीं में प्रथम श्रेणी यानी 60 प्रतिशत अंक से उत्तीर्ण अंकसूची
पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी नक्सल पीड़ित प्रमाण पत्र
10 रुपये के नॉन-ज्यूडिशियल स्टाम्प पर अल्पसंख्यक वर्ग संबंधी नोटरी सत्यापन प्रमाण पत्र
जाति प्रमाण पत्र
विशेष पिछड़ी जनजाति प्रमाण पत्र
विशेष श्रेणी के विद्यार्थियों को अतिरिक्त प्रमाण पत्र देना होगा
विशेष श्रेणी से चयनित विद्यार्थियों को संबंधित श्रेणी का प्रमाण पत्र भी प्रस्तुत करना होगा। इनमें—
दिव्यांगता प्रमाण पत्र
दिव्यांग माता-पिता के बच्चे होने संबंधी प्रमाण
अनाथ होने का प्रमाण
विधवा माता के बच्चे होने का प्रमाण
परित्यक्ता महिला के बच्चे होने का प्रमाण
पुलिस/अर्द्धसैनिक/सशस्त्र बल/शहीद सैनिक के बच्चों से संबंधित प्रमाण पत्र
शामिल हैं।
काउंसिलिंग के बाद 3 दिन में लेना होगा प्रवेश
काउंसिलिंग के बाद यदि विद्यार्थी प्रवेश के लिए पात्र पाया जाता है, तो उसे तीन दिवस के भीतर संबंधित प्रयास आवासीय विद्यालय में प्रवेश लेना अनिवार्य होगा।
प्रवेश के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा काउंटर हस्ताक्षरित स्थानांतरण प्रमाण पत्र (TC) तथा जिला चिकित्सा अधिकारी द्वारा जारी सिकलसेल जांच प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य रहेगा।
जरूरी बात
काउंसिलिंग की तारीख, आबंटित विद्यालय और पात्र विद्यार्थियों की सूची देखने के लिए विभागीय वेबसाइट पर जरूर जांच करें।