
मुंगेली@भास्कर पथ – जिले में ग्रामीण परिवारों को नल के जरिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए संचालित जल जीवन मिशन के कार्यों में अब तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, बिलासपुर परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता संजय सिंह ने मुंगेली प्रवास के दौरान विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठक लेकर योजना के तहत चल रहे कार्यों की विस्तृत समीक्षा की।
अधूरे कामों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश
मुख्य अभियंता ने अधिकारियों को सीआईआरपी के अनुसार निर्धारित समय-सीमा में सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जो कार्य अभी अधूरे हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर गति देकर जल्द पूरा किया जाए।
उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के मानकों का विशेष ध्यान रखने के साथ-साथ कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
काम में देरी पर होगी नियमित समीक्षा
बैठक में अधिकारियों को जल जीवन मिशन के कार्यों की लगातार निगरानी करने, निर्माण कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य अभियंता ने लंबित कार्यों की नियमित समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा प्रगति में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होने देने को कहा।
ठेकेदारों के भुगतान को लेकर भी निर्देश
बैठक में योजना से जुड़े ठेकेदारों के देयकों का नियमानुसार भुगतान सुनिश्चित करने के संबंध में भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसका उद्देश्य पूर्ण और प्रगतिरत कार्यों में निरंतरता बनाए रखना तथा योजनाओं का लाभ ग्रामीण परिवारों तक समय पर पहुंचाना है।
बैठक में मुंगेली जिले के कार्यपालन अभियंता कमल प्रसाद कंवर, सहायक अभियंता आशीष मिश्रा, प्रतीक पाटनी, कृष्णा मूर्ति सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
