
मुंगेली। जिला चिकित्सालय मुंगेली में शनिवार को उस समय अधिकारियों और कर्मचारियों में हलचल बढ़ गई, जब कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। कलेक्टर ने अस्पताल की स्वास्थ्य सुविधाओं, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति, साफ-सफाई, दवा वितरण और मरीजों को मिल रही सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
कलेक्टर ने स्पष्ट कहा कि बेहतर, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सभी की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को किसी भी तरह की अनावश्यक परेशानी नहीं होने देने और उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
ओपीडी से लेकर CT स्कैन और ICU तक का निरीक्षण
कलेक्टर तोपनो ने जिला अस्पताल की ओपीडी पहुंचकर विभिन्न चिकित्सकों के कक्षों का निरीक्षण किया और चिकित्सकों की उपस्थिति की जानकारी ली।
इसके बाद उन्होंने अस्पताल में संचालित CT स्कैन, एक्स-रे, सोनोग्राफी, सेंट्रल ड्रग स्टोर, आपातकालीन यूनिट, डायलिसिस सेवा, ICU, लैब और ब्लड बैंक का निरीक्षण किया।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों से इन सेवाओं के संचालन, उपलब्ध संसाधनों और मरीजों को मिल रही सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि मरीजों को आवश्यक जांच और उपचार के लिए अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े।
समय पर मिले मरीजों को दवाइयां
कलेक्टर ने कहा कि चिकित्सकीय परामर्श के बाद मरीजों को आवश्यक दवाइयां आसानी से और समय पर उपलब्ध होनी चाहिए। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं के बेहतर संचालन पर विशेष जोर दिया।
उन्होंने अधिकारियों को मरीजों की सुविधा को प्राथमिकता देने और स्वास्थ्य सेवाओं की लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।
साफ-सफाई व्यवस्था पर भी फोकस
औचक निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने अस्पताल परिसर की साफ-सफाई व्यवस्था का भी जायजा लिया। उन्होंने वार्डों, कक्षों, गलियारों और आसपास के परिसर में नियमित एवं बेहतर साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि अस्पताल में स्वच्छ वातावरण मरीजों के स्वास्थ्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
मातृ एवं शिशु अस्पताल का भी किया निरीक्षण
जिला चिकित्सालय के बाद कलेक्टर ने 100 बिस्तर मातृ एवं शिशु अस्पताल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वहां ओपीडी, लेबर रूम, एसएनसीयू, पीडियाट्रिक वार्ड, एनआरसी और ऑपरेशन थिएटर सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
उन्होंने संबंधित चिकित्सकों और अधिकारियों से मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं के संबंध में जानकारी ली तथा व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
ड्यूटी से गायब मिले तो होगी कार्रवाई
कलेक्टर ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाएं सीधे लोगों के जीवन और स्वास्थ्य से जुड़ी हैं। इसलिए अस्पताल में पदस्थ सभी अधिकारी और कर्मचारी निर्धारित समय पर अपनी ड्यूटी पर उपस्थित रहें।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कर्मचारियों की उपस्थिति की नियमित निगरानी करने तथा ड्यूटी में लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बाउंड्रीवाल, सीपेज और पार्किंग व्यवस्था सुधारने के निर्देश
कलेक्टर ने अस्पताल के चारों ओर बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए आवश्यक निर्देश दिए, ताकि अस्पताल परिसर की सुरक्षा और व्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जा सके।
उन्होंने भवन एवं कक्षों में सीपेज जैसी समस्याओं का समय पर निराकरण करने को भी कहा।
अस्पताल परिसर में पार्किंग व्यवस्था को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए।
अस्पताल परिसर में गायों के प्रवेश पर नाराज हुए कलेक्टर
निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में गायों के प्रवेश की स्थिति को लेकर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित गार्ड को नोटिस देने के निर्देश दिए और अस्पताल परिसर की सुरक्षा एवं व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखने को कहा।
कलेक्टर ने जिला अस्पताल के सफल संचालन और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सभी अधिकारी-कर्मचारियों को शुभकामनाएं भी दीं।
निरीक्षण के दौरान मुंगेली एसडीएम श्री अजय शतरंज, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं प्रभारी सिविल सर्जन जिला अस्पताल डॉ. शीला साहा, डीपीएम गिरीश कुर्रे, बीएमओ डॉ. कमलेश खैरवार, आरएमओ डॉ. संदीप कुमार पाटिल, चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।