सरकंडा पुलिस की कार्रवाई, दो अलग-अलग वारदातों में स्कूटी व मोटरसाइकिल को किया था आग के हवाले
बिलासपुर। सरकंडा थाना पुलिस ने खड़ी गाड़ियों में आग लगाने और आतंक फैलाने के दो अलग-अलग मामलों का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार दोनों वारदातों में एक ही आरोपी की संलिप्तता सामने आई है। आरोपी ने एक स्कूटी और एक मोटरसाइकिल में पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
स्कूटी में पेट्रोल डालकर लगाई थी आग
पुलिस के मुताबिक पहला मामला अपराध क्रमांक 1288/2026, धारा 326(g) बीएनएस से संबंधित है। 10 सितंबर की रात करीब 12 बजे से 3 बजे के बीच सूर्या चौक चिंगराजपारा स्थित द्वारका प्रसाद यादव के किराए के मकान में खड़ी गौरी देवांगन की स्कूटी क्रमांक CG 10 BE 3159 में अज्ञात व्यक्ति ने पेट्रोल डालकर आग लगा दी थी। आगजनी में स्कूटी सहित अन्य सामान जलकर क्षतिग्रस्त हो गया था। शिकायत पर सरकंडा पुलिस ने अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की।
पैसे नहीं देने पर गाली-गलौज और धमकी
दूसरी घटना 13 सितंबर की रात करीब 10.30 बजे की बताई गई है। पुलिस के अनुसार बंधवापारा निवासी नफीस खान से आरोपी ने शराब पीने के लिए पैसे की मांग की। पैसे नहीं देने पर आरोपी ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद नफीस खान की हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल क्रमांक CG 10 EE 7267 को चोरी कर बंधवापारा भंडारी प्लांट रोड के पास ले जाकर जला दिया गया।
इस मामले में थाना सरकंडा में अपराध क्रमांक 1320/2026, धारा 119(1), 296, 351(2), 326(f) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया था।
मुखबिर और तकनीकी साक्ष्य से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामलों की विवेचना के दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर संदेही महेश कुमार साहू उर्फ भोला साहू उर्फ गजनी उर्फ पेचकस (29) निवासी भंडारी प्लांट, बंधवापारा, सरकंडा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने दोनों वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया। मेमोरेंडम कथन में उसने 13 सितंबर की रात नफीस खान की मोटरसाइकिल चोरी कर जलाने तथा इससे पहले 10 सितंबर को सूर्या चौक चिंगराजपारा में गौरी देवांगन की स्कूटी में बोतल से पेट्रोल डालकर आग लगाने की बात बताई।
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। प्रकरण में अपराध अजमानतीय होने के कारण आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
कार्रवाई पुलिस उप महानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर रजनेश सिंह के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक सरकंडा तिलेश्वर प्रसाद यादव के मार्गदर्शन में की गई। थाना प्रभारी प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने विवेचना एवं गिरफ्तारी की कार्रवाई की।