
गति शक्ति यूनिट के माध्यम से हुआ व्यापक विकास कार्य, यात्री सुविधाओं में हुआ उल्लेखनीय विस्तार
मध्य प्रदेश /मंडला – अमृत स्टेशन योजना के तहत गति शक्ति यूनिट द्वारा मंडला फोर्ट-महाराजपुर रेलवे स्टेशन के विकास एवं सौंदर्यीकरण का कार्य बेहतर तरीके से किया गया है। पुराने स्टेशन भवन को नया और भव्य स्वरूप देते हुए आकर्षक डिजाइन तैयार किया गया है, जिसमें मंडला फोर्ट की स्थापत्य शैली की झलक दिखाई देती है। स्टेशन की नई वास्तुकला क्षेत्र की ऐतिहासिक पहचान और आधुनिक सुविधाओं का सुंदर समन्वय प्रस्तुत करती है।
स्टेशन परिसर में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टू-व्हीलर और फोर-व्हीलर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। खास बात यह है कि दोनों पार्किंग क्षेत्रों में आधुनिक पॉलीकार्बोनेट शेड तैयार किए गए हैं। मंडला क्षेत्र और आसपास के स्टेशनों के संदर्भ में इस तरह के पॉलीकार्बोनेट पार्किंग शेड का निर्माण एक आकर्षक एवं आधुनिक सुविधा के रूप में सामने आया है। इससे वाहनों को धूप और बारिश से सुरक्षा मिलेगी तथा पार्किंग क्षेत्र भी व्यवस्थित दिखाई देगा।

दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग टिकट काउंटर
टिकट काउंटर क्षेत्र में भी यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सुविधाओं का विस्तार किया गया है। पहले दिव्यांगजनों के लिए अलग टिकट काउंटर की सुविधा उपलब्ध नहीं थी, लेकिन अब दिव्यांग यात्रियों के लिए अलग टिकट काउंटर तैयार किया गया है।
स्टेशन के अंदर यात्रियों के लिए फर्स्ट क्लास और सेकंड क्लास वेटिंग हॉल बनाए गए हैं। इसके अलावा प्लेटफॉर्म एवं स्टेशन परिसर में नए पैसेंजर शेल्टर तैयार किए गए हैं और मौजूदा शेल्टर सुविधाओं का विस्तार किया गया है। इससे बारिश और तेज धूप के दौरान यात्रियों को बैठने एवं खड़े होने के लिए पर्याप्त सुरक्षित स्थान उपलब्ध हो सकेगा।

मुख्य मार्ग से स्टेशन तक सड़क व्यवस्था भी बेहतर
स्टेशन के मुख्य मार्ग से लेकर स्टेशन परिसर तक पहुंचने वाली सड़क को भी दुरुस्त किया गया है। इसके साथ ही नाली एवं जल निकासी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या न हो।
यात्रियों की सुविधा के लिए दिव्यांगजनों, महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग शौचालय तैयार किए गए हैं। इन शौचालयों को आधुनिक सुविधाओं के साथ आकर्षक स्वरूप दिया गया है।
फसाड और टेंसाइल वर्क ने बढ़ाई स्टेशन की भव्यता
स्टेशन भवन के बाहरी हिस्से में किया गया फसाड वर्क और टेंसाइल स्ट्रक्चर इसकी खूबसूरती को और बढ़ाता है। स्टेशन परिसर में आकर्षक गार्डन विकसित किया गया है। हरी घास, पौधों और अन्य सौंदर्यीकरण कार्यों से परिसर को आकर्षक रूप दिया गया है।
पुराने स्टेशन भवन और वर्तमान स्वरूप की तुलना करें तो मंडला फोर्ट-महाराजपुर स्टेशन में बड़ा बदलाव नजर आता है। आधुनिक सुविधाओं के साथ इसकी वास्तुकला इसे एक अलग पहचान देती है।
उद्घाटन से पहले अंतिम चरण के कार्य जारी
अमृत स्टेशन योजना के तहत विकसित किए गए मंडला फोर्ट-महाराजपुर स्टेशन का उद्घाटन जल्द प्रस्तावित है।
स्टेशन का नया स्वरूप क्षेत्र के लोगों के लिए भी आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। बड़ी संख्या में लोग स्टेशन परिसर पहुंचकर इसकी नई वास्तुकला और सुविधाओं को देख रहे हैं तथा सोशल मीडिया पर तस्वीरें और वीडियो साझा कर रहे हैं।
मंडला फोर्ट-महाराजपुर रेलवे स्टेशन अब ऐतिहासिक स्थापत्य, आधुनिक यात्री सुविधाओं और आकर्षक सौंदर्यीकरण का ऐसा संगम बनकर सामने आया है, जो मंडला क्षेत्र की नई पहचान के रूप में दिखाई दे रहा है।



