नई दिल्ली में 27 अक्टूबर को होगा अंतरराष्ट्रीय फोरम, टिकाऊ और जलवायु-अनुकूल शहरों के विकास पर होगी चर्चा

नई दिल्ली। केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तोखन साहू 27 अक्टूबर 2026 को नई दिल्ली स्थित इंडिया हैबिटेट सेंटर के सिल्वर ओक हॉल में आयोजित अराइज सिटीज फोरम-2026 के उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
इस अंतरराष्ट्रीय फोरम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत-2047 के लक्ष्य के अनुरूप टिकाऊ, आधुनिक और जलवायु-अनुकूल शहरों के निर्माण पर चर्चा की जाएगी। सम्मेलन में शहरी विकास से जुड़ी चुनौतियों और उनके समाधान के साथ टिकाऊ शहरी अवसंरचना के विकास पर विचार-विमर्श होगा।
कार्यक्रम के दौरान सतत शहरी गतिशीलता एवं एकीकृत परिवहन केंद्र का शुभारंभ किया जाएगा। इसके साथ ही जलवायु-अनुकूल शहरों में निवेश संबंधी रिपोर्ट, इकले दक्षिण एशिया की वार्षिक रिपोर्ट 2025-26 तथा सार्वजनिक परिवहन में लैंगिक समानता और समावेशी आवागमन से जुड़े नीतिगत दस्तावेजों का विमोचन भी किया जाएगा।
राष्ट्रीय शहरी कार्य संस्थान और इकले दक्षिण एशिया द्वारा आयोजित इस फोरम में 20 से अधिक देशों तथा 100 से अधिक शहरों के प्रतिनिधि, नीति-निर्माता और विशेषज्ञ भाग लेंगे। सम्मेलन का प्रमुख उद्देश्य जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने तथा शहरों में आधुनिक, टिकाऊ और जलवायु-अनुकूल बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए विचारों और अनुभवों का आदान-प्रदान करना है।



