गंज थाना क्षेत्र में पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 3.710 किलो गांजा जब्त; कीमत करीब 1.85 लाख रुपये
रायपुर। ओडिशा से गांजा लाकर राजधानी रायपुर में खपाने की फिराक में घूम रहे उत्तर प्रदेश के एक अंतर्राज्यीय आरोपी को रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 3.710 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 85 हजार 500 रुपये बताई गई है। एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की है। पुलिस अब आरोपी से गांजे की उपलब्धता, परिवहन और बिक्री से जुड़े नेटवर्क के संबंध में पूछताछ कर रही है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 3 नवंबर 2026 को एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम को सूचना मिली कि थाना गंज क्षेत्र के नहरपारा रोड स्थित आत्मानंद स्कूल के पास एक व्यक्ति गांजा लेकर बिक्री करने की फिराक में घूम रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना गंज पुलिस की संयुक्त टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखकर भागने लगा आरोपी
मुखबिर द्वारा बताए गए हुलिए के आधार पर पुलिस टीम ने संदिग्ध व्यक्ति की पहचान की। पुलिस द्वारा पूछताछ का प्रयास किए जाने पर आरोपी भागने लगा। इस पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम शिवम मिश्रा निवासी उत्तर प्रदेश बताया।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के पास रखे बैग की तलाशी ली, जिसमें गांजा बरामद हुआ। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने गांजा ओडिशा से लाकर रायपुर में खपाने की बात बताई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से कुल 3.710 किलोग्राम गांजा जब्त किया।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
गिरफ्तार आरोपी शिवम मिश्रा के विरुद्ध थाना गंज में अपराध क्रमांक 323/26, धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर कार्रवाई की गई है। पुलिस आरोपी से गांजे की उपलब्धता, परिवहन, बिक्री और सप्लाई नेटवर्क के संबंध में विस्तृत पूछताछ कर रही है।
जांच के दौरान पुलिस बैकवर्ड लिंकेज के माध्यम से गांजा उपलब्ध कराने वाले स्रोतों का पता लगाने में जुटी है। वहीं, फॉरवर्ड लिंकेज के जरिए गांजे की बिक्री करने वाले संभावित खरीदारों और अन्य संपर्कों की जानकारी भी जुटाई जा रही है। पुलिस का प्रयास है कि मादक पदार्थों की सप्लाई से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाकर अन्य संलिप्त लोगों के विरुद्ध भी कार्रवाई की जा सके।
अब तक 100 प्रकरणों में 218 आरोपी गिरफ्तार
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस के अनुसार, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स द्वारा अब तक एनडीपीएस एक्ट के 100 प्रकरणों में कुल 218 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इन कार्रवाइयों के दौरान मादक पदार्थों एवं अन्य सामग्री सहित कुल 7 करोड़ 36 लाख 68 हजार 920 रुपये की कीमत की जब्ती की गई है।
गिरफ्तार आरोपी
शिवम मिश्रा, पिता छैल बिहारी मिश्रा, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम उमरिया गंज, थाना ईटवा, जिला सिद्धार्थनगर, उत्तर प्रदेश।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस की इस कार्रवाई को मादक पदार्थों की अवैध तस्करी एवं बिक्री पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।





