रिपोर्टर ✒️ गजेंद्र जायसवाल
नेहरू जी को माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का शुभारंभ, सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियों ने मोहा मन; विजेता विद्यार्थियों को किया गया पुरस्कृत

बिलासपुर@भास्कर पथ । सिरगिट्टी स्थित शांतिनिकेतन पब्लिक स्कूल, बी.ई.सी. फर्टिलाइजर के सामने, में बाल दिवस समारोह उत्साह, उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर बच्चों के लिए विभिन्न मनोरंजक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा और रचनात्मकता का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के मैनेजर श्री देवेंद्र सन्नाड ने अपने उद्बोधन में कहा कि बाल दिवस बच्चों के उज्ज्वल भविष्य, उनकी मासूमियत, प्रतिभा और रचनात्मकता का प्रतीक है। बच्चे देश का भविष्य हैं और उनकी ऊर्जा एवं कल्पनाशीलता समाज को नई दिशा देने की क्षमता रखती है। उन्होंने कहा कि विद्यालय बच्चों के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ उनके सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।
कक्षावार आयोजित हुईं मनोरंजक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं
बाल दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों की आयु एवं कक्षाओं के अनुरूप विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। नर्सरी से कक्षा पहली तक के बच्चों के लिए जंपिंग बैलेंस, जंपिंग फ्रॉग और आंख-मिचौली जैसी मनोरंजक गतिविधियां रखी गईं। वहीं कक्षा दूसरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों ने कंचा-स्पून रेस एवं म्यूजिकल चेयर प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। कक्षा छठवीं से बारहवीं तक के विद्यार्थियों के लिए म्यूजिकल चेयर रेस एवं डंब शराड्स प्रतियोगिता आयोजित की गई।
इसके अलावा दिया सजाओ एवं रंगोली प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए आकर्षक रंगों और सुंदर डिजाइनों से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
नर्सरी से कक्षा दूसरी तक आयोजित दिया सजाओ प्रतियोगिता में परिधि केवट ने प्रथम, शिवम शर्मा ने द्वितीय तथा आकृति निर्मलकर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
कक्षा तीसरी से बारहवीं तक आयोजित रंगोली प्रतियोगिता में रिचा यादव प्रथम, मोहित कुमार साहू द्वितीय एवं खुशी प्रधान तृतीय स्थान पर रहे।
इसी तरह कक्षा तीसरी से बारहवीं तक की दिया सजाओ प्रतियोगिता में नीथी सोनी ने प्रथम, हर्ष निर्मलकर ने द्वितीय तथा जय यादव ने तृतीय स्थान प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने मनमोहक सांस्कृतिक नृत्य प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित शिक्षकों एवं अतिथियों का मन मोह लिया। विद्यालय परिसर में पूरे समय उत्साह और आनंद का माहौल बना रहा। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी बच्चों को विशेष उपहार प्रदान किए गए। उपहार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।
इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ से श्री देवेंद्र सन्नाड, श्रीमती शहनाज बेगम, श्रीमती बिंदेश्वरी पाल, कु. संजू सिंह, कु. लिलेश्वरी पोर्ते, कु. ममता सिंह, कु. मधु सिंह, कु. मेघा विश्वकर्मा, कु. भारती ध्रुव, श्रीमती काजल वैष्णव, कु. निसु कौशल, कु. सबनम बी, श्रीमती शाहिस्ता, श्रीमती संध्या नायक एवं श्रीमती बिंदु निर्मलकर उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर विद्यालय परिवार ने प्रसन्नता व्यक्त की। उक्त जानकारी श्रीमती शहनाज बेगम द्वारा दी गई।




