अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

जांजगीर चाम्पा @भास्कर पथ । मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बारह साल पहले बिछड़े युवक को लेने उसका परिवार अमोरा गांव पहुंचा तो पूरा गांव खुशी से झूम उठा और जब उसके विदा होने का समय आया तो सबकी आंखें नम हो गई। ग्रामवासियों ने अपने गांव में डेढ़ साल से रह रहे गोविंदा को भाव भरी विदाई दी।
गौरतलब है कि करीब बारह वर्ष पूर्व यह युवक डभरा मेला में अपने घर परिवार से बिछड़ गया था। परिजनों ने उसे हर जगह तलाशा , थानों में सूचना दी , रिश्तेदारों से संपर्क किया , लेकिन कोई पता नहीं चला। धीरे-धीरे उम्मीद भी टूटने लगी थी। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था। हाल ही में ग्रामीणों के प्रयास से युवक का पता चला कि युवक इस समय अमोरा ( महन्त) में निवासरत है।

उसके घरवाले ने अमोरा पहुंचकर उसकी पहचान से संबंधित सभी जानकारी उपलब्ध कराई। लगभग डेढ़ साल तक अमोरा गांव में रहने वाले इस युवक का नाम ग्रामवासियों ने प्यार से गोविंदा रखा था। जब युवक के अपने घर जाने का समय आया तो अमरा गांव का माहौल फिर भावुक हो गया। ग्रामवासियों ने उसे फूलमालायें पहनाईं , तिलक लगाया और पूरे गांव में घुमाकर भाव भरी विदाई देते हुये उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर उसके घर परिवार वालों ने कहा कि बारह साल बाद हमारा बेटा हमें मिला है , यह हमारे गांव के लिये किसी त्योहार से कम नहीं। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि अब कोई भी बच्चा अपने परिवार से बिछड़े नहीं। परिजनों ने गांव वालों , प्रशासन और उन सभी लोगों का आभार व्यक्त किया जिनके प्रयास से उनका बिछड़ा बेटा वापस मिला। वहीं उनके गांव छोटे मुड़पार गांव पहुंचते ही पूरे गांव में उत्सव का माहौल बन गया। माता-पिता ने बेटे को गले लगाकर अपना दुख-दर्द भुला दिया और बुजुर्गों ने आशीर्वाद दिया।




