(स्टेट हेड श्रीमती सोनल राजेश शर्मा ने किया गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज)

अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
रायपुर । सेवा , समर्पण और मानवता की भावना को सर्वोपरि रखते हुये श्रीसत्य साईं संजीवनी अस्पताल , नया रायपुर ने चिकित्सा जगत में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल द्वारा अब तक 45,304 बच्चों के जन्मजात हृदय रोगों के निःशुल्क ऑपरेशन किये जा चुके हैं। इसी असाधारण उपलब्धि को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल किया गया है। यह गौरवपूर्ण सम्मान श्रीसत्य साईं बाबा की 101वीं जयंती के पावन अवसर पर प्राप्त हुआ , जिसने इस उपलब्धि को और भी विशेष एवं ऐतिहासिक बना दिया। इस अवसर पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की छत्तीसगढ़ प्रमुख श्रीमती सोनल राजेश शर्मा द्वारा विश्व रिकॉर्ड का प्रमाणपत्र सांसद बृजमोहन अग्रवाल एवं श्रीसत्य साईं संजीवनी अस्पताल के निदेशक डॉ. सी. श्रीनिवास की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया। यह उपलब्धि केवल एक अस्पताल की सफलता नहीं , बल्कि उन 45,304 बच्चों और उनके परिवारों के जीवन में लौटी खुशियों, उम्मीदों और नई जिंदगी की कहानी है। जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित ऐसे हजारों बच्चों को यहां पूरी तरह निःशुल्क उपचार एवं जीवनरक्षक सर्जरी की सुविधा प्रदान की गई है , जिनके परिवारों के लिये महंगे इलाज का खर्च उठाना संभव नहीं था।
चौदह वर्षों की सेवा यात्रा , मानवता के नाम समर्पित
श्रीसत्य साईं संजीवनी अस्पताल की सेवा यात्रा का शुभारंभ 28 दिसंबर 2012 को नया रायपुर में पहली हृदय सर्जरी के साथ हुआ था। विगत चौदह वर्षों से यह संस्थान बच्चों के हृदय स्वास्थ्य के लिये निरंतर समर्पित है। गत माह 27 अक्टूबर को अस्पताल के चारों केंद्रों ने मिलकर पैंतालीस हजार निःशुल्क सर्जरी का महत्वपूर्ण पड़ाव पार किया था और अब यह संख्या बढ़कर 45,304 तक पहुंच चुकी है। नया रायपुर के अतिरिक्त हरियाणा के पलवल , महाराष्ट्र के खारघर और तेलंगाना के कोंडापाका स्थित केंद्रों के माध्यम से भी बच्चों को निःशुल्क हृदय उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है। इन चारों केंद्रों ने मिलकर देश भर के हजारों परिवारों को आर्थिक चिंता से मुक्त करते हुये बच्चों को स्वस्थ और बेहतर भविष्य का अवसर दिया है।
सेवा ही सबसे बड़ा संकल्प
श्रीसत्य साईं स्वास्थ्य एवं शिक्षा ट्रस्ट के अध्यक्ष एवं अस्पताल के निदेशक डॉ. सी. श्रीनिवास के मार्गदर्शन में यह सेवा अभियान निरंतर आगे बढ़ रहा है। संस्थान का उद्देश्य है कि आर्थिक अभाव के कारण किसी भी बच्चे को जीवनरक्षक हृदय उपचार से वंचित ना रहना पड़े। अस्पताल में सर्जरी और उपचार के साथ-साथ चिकित्सकों , नर्सों एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों के प्रशिक्षण और कौशल विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है , ताकि बाल हृदय चिकित्सा के क्षेत्र में उत्कृष्ट सेवाओं का विस्तार हो सके। इस संस्थान की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि यहां बच्चों की हृदय सर्जरी एवं इंटरवेंशन पूरी तरह निःशुल्क किये जाते हैं। सेवा , करुणा और समर्पण के इसी भाव ने श्रीसत्य साईं संजीवनी अस्पताल को देश ही नहीं , बल्कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी विशिष्ट पहचान दिलाई है।
हजारों धड़कनों में बसी है नई जिंदगी की उम्मीद
अस्पताल की यह उपलब्धि उन चिकित्सकों , नर्सों , स्वास्थ्यकर्मियों और सेवाभावी सदस्यों के अथक परिश्रम का परिणाम है , जिन्होंने अपने समर्पण से हजारों बच्चों को नया जीवन दिया है। इनमें से अनेक बच्चे आज शिक्षा , खेल , कला और अन्य क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। कभी गंभीर हृदय रोग से जूझ रहे ये बच्चे आज अपने सपनों को नई उड़ान दे रहे हैं। श्रीसत्य साईं बाबा की 101वीं जयंती के पावन अवसर पर 45304 निःशुल्क बाल हृदय ऑपरेशन के लिये गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज होना पूरे छत्तीसगढ़ के लिये गौरव का विषय है। यह सम्मान केवल एक संस्थान को नहीं , बल्कि मानवता की सेवा में जुटे प्रत्येक व्यक्ति के निस्वार्थ योगदान को समर्पित है। श्रीसत्य साईं संजीवनी अस्पताल ने अपने कार्यों से यह संदेश दिया है कि चिकित्सा केवल व्यवसाय नहीं , बल्कि मानवता की सबसे बड़ी सेवा भी हो सकती है। इन हजारों बच्चों की मुस्कुराहट और उनके परिवारों की खुशियां इस बात का प्रमाण हैं कि सच्ची सेवा का संकल्प हजारों जिंदगियां बदल सकता है।




