केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश, पात्र हितग्राहियों तक शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने पर जोर
मुंगेली । जिला कलेक्टोरेट के मनियारी सभाकक्ष में बुधवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू की अध्यक्षता में हुई बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और जिले में चल रहे विकास कार्यों की विभागवार समीक्षा की गई। केंद्रीय राज्य मंत्री ने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने, पात्र हितग्राहियों को समय पर शत-प्रतिशत लाभ दिलाने तथा विकास कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले, बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, कलेक्टर कुन्दन कुमार, अतिरिक्त कलेक्टर निष्ठा पाण्डेय तिवारी, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
श्रमिकों के शत-प्रतिशत पंजीयन पर जोर
केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू ने वीबी जी राम जी अंतर्गत श्रमिकों के पंजीयन की जानकारी ली। उन्होंने सक्रिय श्रमिकों का शत-प्रतिशत पंजीयन कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिक से अधिक श्रमिकों का पंजीयन होने से उन्हें शासन की विभिन्न योजनाओं, रोजगार और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े अवसरों का लाभ मिल सकेगा।
उन्होंने वीबी जी राम जी के तहत जल संरक्षण से संबंधित कार्यों की कार्ययोजना और स्वीकृति की भी समीक्षा की। आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर स्वीकृत कराने के निर्देश दिए गए।
पीएम आवास और पीएम जनमन की समीक्षा
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और पीएम जनमन योजना की प्रगति की समीक्षा की गई। केंद्रीय राज्य मंत्री ने पूर्ण हो चुके आवासों का भुगतान समय पर करने के निर्देश दिए। पीएम जनमन योजना के तहत स्वीकृत आवासों को प्राथमिकता से पूरा कराने पर जोर दिया गया।
उन्होंने जर्जर स्कूलों और आंगनबाड़ी भवनों की जानकारी लेते हुए आवश्यक निर्माण एवं मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए। बिहान योजना के बैंक लिंकेज, सामुदायिक शौचालयों की स्वच्छता, सामाजिक सहायता योजनाओं के तहत पेंशन भुगतान और विशिष्ट दिव्यांगता आईडी की प्रगति की भी समीक्षा की गई।
राशन कार्ड में जीवित व्यक्ति को मृत बताने का मामला सामने आया
खाद्य विभाग की समीक्षा के दौरान जिंदा व्यक्ति को मृत घोषित कर राशन कार्ड से नाम काटे जाने की शिकायत का मामला भी बैठक में सामने आया। केंद्रीय राज्य मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट किया कि भविष्य में राशन कार्ड से किसी व्यक्ति का नाम हटाने से पहले विधिवत जांच और सत्यापन किया जाए, ताकि वास्तविक पात्र हितग्राही किसी योजना के लाभ से वंचित न हों। पीएम उज्ज्वला योजना और राशन कार्ड से जुड़े लंबित प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए गए।
किसानों को खाद-बीज के लिए परेशानी नहीं होनी चाहिए
कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान मृदा स्वास्थ्य कार्ड, जैविक खेती, खाद-बीज की उपलब्धता और पीएम किसान सम्मान निधि केवाईसी की जानकारी ली गई। केंद्रीय राज्य मंत्री ने जैविक खेती का रकबा बढ़ाने तथा किसानों को जैविक खेती के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसानों को खाद और बीज के लिए किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। संबंधित अधिकारी उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की नियमित निगरानी करें।
पशुपालन एवं मत्स्य विभाग की समीक्षा में पशु रोग नियंत्रण, टीकाकरण, राष्ट्रीय कृत्रिम गर्भाधान कार्यक्रम तथा मत्स्य संपदा योजना के तहत कार्ययोजना और प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य सेवाओं की भी हुई समीक्षा
महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत रेडी-टू-ईट, वजन तिहार, आंगनबाड़ी भवनों की स्थिति और सुकन्या समृद्धि योजना की प्रगति की जानकारी ली गई। आंगनबाड़ी केंद्रों की बेहतर मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा में गर्भवती महिलाओं का पंजीयन, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, आयुष्मान कार्ड और जनऔषधि केंद्रों के संचालन की जानकारी ली गई। केंद्रीय राज्य मंत्री ने जिले को टीबी मुक्त बनाने तथा स्वास्थ्य योजनाओं में लक्षित प्रगति हासिल करने के लिए प्रभावी प्रयास करने को कहा।
सड़क और जल योजनाओं पर भी फोकस
बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (पीएमजीएसवाई) के तहत सड़कों की स्थिति की समीक्षा की गई। केंद्रीय राज्य मंत्री ने 5 से 10 वर्ष पुरानी सड़कों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए। जिन सड़क कार्यों के टेंडर हो चुके हैं, उन्हें शीघ्र पूरा कर आवागमन योग्य बनाने पर जोर दिया गया।
मनियारी जलाशय योजना के कमांड क्षेत्र के विकास, जल प्रबंधन और जलाशयों की स्थिति की भी समीक्षा की गई। नगरीय निकायों के अंतर्गत अटल कायाकल्प एवं अमृत 2.0, खुड़िया समूह जल प्रदाय योजना, पीएम आवास योजना-शहरी और एसबीएम 2.0 की प्रगति की जानकारी ली गई। लंबित आवासों को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए।
राजस्व प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के निर्देश
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान सीमांकन, नामांतरण और बंटवारा सहित विभिन्न प्रकरणों की जानकारी ली गई। केंद्रीय राज्य मंत्री ने राजस्व मामलों का संवेदनशीलता और प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने छात्रावासों में ट्रांसफार्मर की व्यवस्था और विद्युत विभाग से जुड़े कार्यों के लिए कार्ययोजना तैयार कर समय-सीमा में काम पूरा करने को कहा।
स्कूलों में शिक्षा और मध्यान्ह भोजन व्यवस्था पर जोर
शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री ने स्कूलों में मध्यान्ह भोजन योजना को बेहतर बनाने तथा शैक्षणिक व्यवस्था के उन्नयन पर जोर दिया। अधिकारियों को नियमित रूप से स्कूलों का भ्रमण और निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।
आदिवासी विकास विभाग के अंतर्गत पीएम आदर्श ग्राम योजना, पीएम अजय योजना, पीएम कौशल विकास योजना और सीएसआर के तहत संचालित कार्यों की भी समीक्षा की गई।
वन विभाग की समीक्षा के दौरान जंगलों में अवैध कटाई पर प्रभावी रोक लगाने तथा सर्चिंग एवं कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
बिल्हा विधायक ने शिक्षा क्षेत्र की प्रगति की सराहना की
बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि दिशा की बैठक केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को दिशा प्रदान करती है। उन्होंने मुंगेली जिले में शिक्षा के क्षेत्र में किए जा रहे बेहतर कार्यों और बढ़ी हुई रैंकिंग की सराहना की। उन्होंने स्वास्थ्य सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं में भी बेहतर प्रगति सुनिश्चित करने की बात कही।
उन्होंने ई-श्रम पोर्टल पर शत-प्रतिशत श्रमिकों का पंजीयन कराने के निर्देश दिए।
योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना प्राथमिकता
कलेक्टर कुन्दन कुमार ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जहां भी किसी प्रकार की कमी या समस्या सामने आती है, उसे दूर कर पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाएगा।
उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष निगरानी रखने की बात कही। दिशा की बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं की विस्तृत समीक्षा के बाद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की लापरवाही न हो और मुंगेली जिले के पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित किया जाए।
