आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित कार्यक्रम में हितग्राहियों ने साझा किए अनुभव
मुंगेली// सेवा संकल्प अभियान के तहत कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों में आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम अंतर्गत विभिन्न जनकल्याणकारी एवं सामुदायिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अन्नप्राशन, गोदभराई और न्यौता भोज जैसी गतिविधियों के माध्यम से बच्चों एवं माताओं के स्वास्थ्य, पोषण और देखभाल के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर महतारी वंदन योजना के हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए योजना से मिले लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से बच्चों और महिलाओं के लिए निरंतर सेवाएं प्रदान करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिका एवं मितानिनों को सम्मानित किया गया। उनके योगदान की सराहना करते हुए कहा गया कि जमीनी स्तर पर इन कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका से शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंच रहा है।
आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए खिलौने किए गए दान
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए खिलौने दान किए गए। इस पहल से बच्चों को खेल-खेल में सीखने और उनके मानसिक एवं रचनात्मक विकास के लिए बेहतर वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। जनप्रतिनिधियों की इस पहल ने कार्यक्रम में जनभागीदारी और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूत किया।
‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत किया पौधारोपण
उत्सव के दौरान ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान के तहत मुनगा के पौधों का रोपण भी किया गया। मुनगा के पौधे को पोषण और स्वास्थ्य की दृष्टि से उपयोगी बताते हुए लोगों को अपने घरों एवं आसपास पौधरोपण करने तथा मुनगा के सेवन के लिए प्रेरित किया गया।





