‘पहल’ कार्यक्रम में स्व-सहायता समूह की महिलाओं को साइबर ठगी से बचाव के बताए उपाय, 1930 हेल्पलाइन की दी जानकारी
मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में जिले में साइबर अपराधों के प्रति आमजन को जागरूक करने के लिए लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में जिला पंचायत मुंगेली के मुख्य कार्यपालन अधिकारी गोकुल राम रावटे के विशेष सहयोग से जिला पंचायत कार्यालय के सभाकक्ष में ‘पहल’ कार्यक्रम के अंतर्गत बिहान दीदियों एवं स्व-सहायता समूह की महिलाओं के लिए साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में महिलाओं को साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए ओटीपी, पिन, पासवर्ड एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी से साझा नहीं करने, बैंक खाते को सुरक्षित रखने, मोबाइल सिम अपने नाम पर रखने, मजबूत पासवर्ड का उपयोग करने, व्हाट्सऐप में ऑटो डाउनलोड बंद रखने तथा मोबाइल के सुरक्षित उपयोग के संबंध में जानकारी दी गई। इसके साथ ही संदिग्ध लिंक पर क्लिक नहीं करने, अनजान क्यूआर कोड स्कैन नहीं करने तथा फर्जी कॉल एवं संदेशों से सावधान रहने के लिए जागरूक किया गया।
महिलाओं को फर्जी केवाईसी, ऑनलाइन ठगी, यूपीआई एवं क्यूआर कोड के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी, फर्जी ग्राहक सेवा नंबर, सोशल मीडिया ठगी एवं डिजिटल गिरफ्तारी जैसे साइबर अपराधों से बचाव के उपाय भी बताए गए।
बिहान दीदियों को बनाया जाएगा ‘साइबर दीदी’
जिले में बिहान दीदियां गांवों में आजीविका एवं सामाजिक जागरूकता की मजबूत कड़ी हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए उन्हें साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता की ग्राम स्तरीय कड़ी के रूप में सक्रिय करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान बिहान दीदियों को ‘साइबर दीदी’ के रूप में तैयार करने की पहल की गई, ताकि वे अपने परिवार एवं समुदाय के अन्य लोगों तक ‘हर गांव-हर घर’ साइबर सुरक्षा का संदेश पहुंचा सकें।
महिलाओं एवं स्व-सहायता समूह के सदस्यों को ‘साइबर स्मार्ट नागरिक’ बनाने के उद्देश्य से साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी साझा की गई।
साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर करें शिकायत
कार्यक्रम में साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर सूचना देने तथा साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। महिलाओं को बताया गया कि समय पर शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने की संभावना बढ़ जाती है। साइबर घटना होने पर बिना देरी किए शिकायत करने के लिए उपस्थित महिलाओं को प्रेरित किया गया।
साइबर जागृति अभियान में मुंगेली प्रदेश में पांचवें स्थान पर
छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा संचालित ‘साइबर जागृति अभियान’ में जिला मुंगेली द्वारा किए गए प्रभावी जागरूकता कार्यों के फलस्वरूप प्रदेश स्तर पर जिले को पांचवां स्थान प्राप्त हुआ। इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने अभियान को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले अधीनस्थ पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों का उत्साहवर्धन भी किया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए केवल पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है, बल्कि आमजन की जागरूकता और सहभागिता भी अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित लोगों से साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी अपने परिवार, परिचितों एवं आसपास के लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
जिला पुलिस मुंगेली द्वारा साइबर अपराध के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नागरिकों को सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने तथा किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर तत्काल 1930 पर सूचना देने के लिए निरंतर जागरूक किया जा रहा है।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पाण्डेय, उपसंचालक पंचायत शिवानी सिंह, जनपद पंचायत सीईओ, जिला पंचायत के स्टाफ, पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तथा बिहान दीदियां एवं स्व-सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।



