मुंगेली/जरहागांव। मुंगेली जिले के ग्राम धरमपुरा स्थित उप स्वास्थ्य केंद्र में पदस्थ 28 वर्षीय सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी (CHO) कमलेश्वरी साहू का शव 18 अक्टूबर को शासकीय क्वार्टर में फांसी के फंदे पर लटका मिला। सूचना मिलने पर जरहागांव पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। 19 अक्टूबर को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मौत के कारणों की जांच शुरू कर दी है।


नौकरानी के पहुंचने पर सामने आया मामला
जरहागांव पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका के पिता अर्जुन साहू (55 वर्ष), निवासी रामायण चौक, खर्रीपारा, मुंगेली ने 18 अक्टूबर को पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने अपनी पुत्री कमलेश्वरी साहू का शव धरमपुरा स्थित शासकीय क्वार्टर में फांसी के फंदे पर लटका होने की जानकारी दी।
बताया गया कि रविवार शाम को नौकरानी क्वार्टर में साफ-सफाई करने पहुंची थी। काफी देर तक दरवाजा खटखटाने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं मिला और दरवाजा नहीं खुला। इससे घबराकर उसने गांव के कोटवार और अन्य लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई।
दरवाजा खोलकर अंदर देखने पर कमलेश्वरी साहू का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। घटना की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा गया शव
घटना की सूचना मिलने पर जरहागांव पुलिस घटनास्थल पहुंची। पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए मुंगेली जिला अस्पताल भेज दिया।
रात होने के कारण शव को सुरक्षित रखने के लिए मरचुरी में रखवाया गया। 19 अक्टूबर को पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
किन परिस्थितियों में हुई CHO की मौत?
कमलेश्वरी साहू ग्राम धरमपुरा के उप स्वास्थ्य केंद्र में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी के पद पर पदस्थ थीं। शासकीय क्वार्टर में उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण रहे, इसकी जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। मौत के कारणों को लेकर स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।



