मुंगेली, 28 अक्टूबर 2026। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र से मौसम प्रभावित होने और बारिश की आशंका को देखते हुए मुंगेली जिले में 29 अक्टूबर को सभी शासकीय एवं अशासकीय स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है। कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने यह आदेश मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मद्देनजर जारी किया। जिला प्रशासन ने नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की है और आपात स्थिति में संपर्क के लिए कंट्रोल रूम का नंबर 07755-264440 जारी किया है।

किन संस्थानों में रहेगा अवकाश?
29 अक्टूबर को जिले के सभी शासकीय एवं अशासकीय प्राथमिक शालाओं, माध्यमिक शालाओं, हाईस्कूल, हायर सेकेंडरी विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश रहेगा।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग से प्राप्त पूर्वानुमान के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से चक्रवाती तूफान की आशंका जताई गई है। इसके चलते जिले में 29 अक्टूबर को वर्षा होने की संभावना है।
खराब मौसम में बरतें सावधानी
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने जिलेवासियों से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान अत्यंत आवश्यक कार्य होने पर ही घर से बाहर निकलें। उन्होंने गरज-चमक और आकाशीय बिजली के दौरान खुले मैदान, ऊंचे स्थानों तथा पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।
तेज हवाओं के दौरान जर्जर भवनों, कमजोर मकानों, बिजली के खंभों, विद्युत तारों, पेड़ों और होर्डिंग के आसपास नहीं रहने की अपील की गई है।
अफवाहों से बचें, आधिकारिक सूचनाओं का करें पालन
जिला प्रशासन ने नागरिकों से मौसम विभाग और प्रशासन की ओर से जारी आधिकारिक सूचनाओं एवं दिशा-निर्देशों का पालन करने को कहा है। साथ ही, अफवाहों और अपुष्ट जानकारी पर विश्वास नहीं करने की अपील की गई है।
आपात स्थिति में इस नंबर पर करें संपर्क
आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला स्तरीय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी आपात स्थिति में नागरिक 07755-264440 पर संपर्क कर सकते हैं।
जिला प्रशासन ने मौसम की स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।




