मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के सरगांव थाना क्षेत्र के ग्राम पेण्ड्री ‘स’ में तुलसी साहू हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा किया है। वर्ष 2025 के सरपंच चुनाव में 8-9 वोटों से हारने के बाद मतगणना में गड़बड़ी का संदेह पालकर धनीराम साहू ने हत्या की साजिश रची थी। 25 अक्टूबर 2026 को तुलसी साहू का कार से अपहरण कर पंप हाउस में गला घोंटकर हत्या की गई और शव को कीचड़ व झाड़ियों में छिपा दिया गया। पुलिस ने 30 अक्टूबर को सुपारी देने वाले मुख्य आरोपी समेत पांच लोगों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग के निर्देशन और एसएसपी भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में थाना सरगांव एवं साइबर सेल की संयुक्त टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर इस अंधेकत्ल का पर्दाफाश किया। पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश में अपहरण, आपराधिक षड्यंत्र और साक्ष्य मिटाने की कोशिश भी शामिल थी।
8-9 वोटों से चुनाव हारने के बाद तुलसी साहू से रखने लगा था रंजिश
पुलिस विवेचना में सामने आया कि ग्राम पेण्ड्री ‘स’ निवासी धनीराम साहू वर्ष 2025 में हुए सरपंच चुनाव में लगभग 8-9 वोटों से हार गया था। इस चुनाव में झुलुराम वर्मा जीतकर सरपंच बने थे। मृतक तुलसी साहू उनके मतगणना अभिकर्ता के रूप में काम कर रहा था।
धनीराम साहू को संदेह था कि मतगणना के दौरान तुलसी साहू ने जानबूझकर कुछ वोट निरस्त करवाए थे, जिसके कारण उसे चुनाव में हार का सामना करना पड़ा। इसी संदेह और चुनावी रंजिश के चलते उसने तुलसी साहू की हत्या की योजना बनाई।
पुलिस के अनुसार, धनीराम ने अपने साले भुवन साहू को साजिश में शामिल किया। इसके बाद ओमनारायण राजपूत के माध्यम से कोटा निवासी सुरेंद्र जोशी से संपर्क किया गया। तुलसी साहू का अपहरण करने के लिए 1 लाख 20 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। इसमें धनीराम ने सुरेंद्र को 70 हजार रुपये अग्रिम दिए थे।
योजना के मुताबिक, सुरेंद्र अपने साथियों के साथ तुलसी का अपहरण कर उसे धनीराम और उसके सहयोगियों तक पहुंचाने वाला था। इसके बाद तुलसी से सरपंच चुनाव में कथित धांधली स्वीकार करने संबंधी बयान 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर लिखवाकर वीडियो बनाने और उसकी हत्या करने की साजिश तैयार की गई थी।
कार से पहुंचे आरोपी, रास्ते में रोककर किया अपहरण

पुलिस के मुताबिक, 25 अक्टूबर 2026 की शाम सुरेंद्र जोशी अपने साथी कुणाल बक्शी निवासी अमेरी, बिलासपुर और तीन अन्य साथियों के साथ निशान कार क्रमांक CG 10 CE 2075 से सरगांव होते हुए ग्राम पेण्ड्री ‘स’ पहुंचा।
रात करीब 7 बजे तुलसी साहू अपनी मोटरसाइकिल से घर से निकला। आरोपियों ने उसका पीछा किया और जय भोलेनाथ राइस मिल से लगभग 100 मीटर पहले सुनसान सड़क पर उसकी मोटरसाइकिल रुकवा दी। इसके बाद तुलसी को जबरन कार में बैठाकर अपहरण कर लिया।
घटना के बाद धनीराम साहू और उसका साला भुवन साहू भी आरोपियों के संपर्क में आए। सभी मनियारी सरगांव के पास मिले। यहां धनीराम और भुवन मोटरसाइकिल से आगे-आगे चले, जबकि सुरेंद्र और उसके साथी तुलसी को कार में लेकर पीछे आए।
गणेश मिनरल्स के पहले ग्राम पेण्ड्री ‘स’ में टीकाराम साहू निवासी मोहभट्ठा के ट्यूबवेल के पास तुलसी को उतारा गया। सुरेंद्र और उसके साथियों ने तुलसी तथा उसका मोबाइल धनीराम को सौंप दिया और वहां से चले गए।
पंप हाउस में लिखवाया स्टाम्प पेपर, फिर गला घोंटकर कर दी हत्या
पुलिस जांच के अनुसार, टीकाराम साहू के खेत में धनीराम का हार्वेस्टर चल रहा था। उसके पास ट्यूबवेल की चाबी थी। इसी चाबी से धनीराम और भुवन तुलसी को पंप हाउस के अंदर ले गए।
वहां उसे डराया-धमकाया गया और 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर सरपंच चुनाव में कथित गड़बड़ी स्वीकार करने संबंधी शपथ पत्र लिखवाया गया। इस पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भुवन साहू के मोबाइल से की गई।
इसके बाद धनीराम और भुवन ने पंप हाउस में रखे बिजली के तार से तुलसी के दोनों पैर बांध दिए और गमछे से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को ठिकाने लगाने के लिए ओमनारायण राजपूत को फोन कर बुलाया गया। इसके बाद तीनों ने मिलकर शव को घसीटते हुए मोटरसाइकिल तक पहुंचाया और मोटरसाइकिल पर बैठाकर गणेश मिनरल्स से निकलने वाले अपशिष्ट पानी के कीचड़ में सड़क किनारे फेंक दिया। शव को कांटेदार झाड़ियों से ढककर छिपा दिया गया।
हत्या के बाद जूते, जैकेट और मोबाइल छिपाए; गमछा भी जलाया
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद धनीराम ने मृतक के जूते, जैकेट और मोबाइल चार्जर को पंप हाउस के पास स्थित पोल्ट्री फार्म के शेड में छिपा दिया। मृतक का मोबाइल फोन रॉकिंग ढाबा के पीछे खेत में फेंक दिया गया।
इसके अलावा धनीराम ने अपना गमछा जला दिया। अगले दिन वह टीकाराम के पास गया और उसे घटना की जानकारी देते हुए ट्यूबवेल की चाबी लौटा दी। टीकाराम के कहने पर मृतक तुलसी साहू का गमछा भी उसके घर के पास जलाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया गया।
पुलिस विवेचना में धनीराम साहू ने अपने साले भुवन साहू के साथ मिलकर तुलसी की हत्या करने तथा ओमनारायण राजपूत के माध्यम से सुरेंद्र जोशी को सुपारी देकर अपहरण कराने की बात स्वीकार की।
26 अक्टूबर को कीचड़ और झाड़ियों के बीच मिला था शव
इस हत्याकांड का खुलासा होने से पहले 26 अक्टूबर 2026 को तुलसी साहू के लापता होने की सूचना थाना सरगांव में दी गई थी।
नगर पंचायत मारो निवासी चंदन साहू ने पुलिस को बताया था कि उसकी साली नीतू साहू का पति तुलसी साहू 25 अक्टूबर की शाम लगभग 7 बजे घर से अपनी दीदी के घर सरगांव जाने के लिए निकला था। वहां से उसे अपने जीजा के साथ बेलगहना जाना था, लेकिन वह न तो घर लौटा और न ही अपनी दीदी के घर पहुंचा। उसका मोबाइल भी बंद आ रहा था।
परिजनों और सूचक ने तलाश शुरू की तो तुलसी की मोटरसाइकिल क्रमांक CG 28 P 5824 ग्राम पेण्ड्री ‘स’ स्थित जय भोलेनाथ राइस मिल के पास मिली। इसके बाद गणेश मिनरल्स के पास सड़क किनारे अपशिष्ट पानी से बने कीचड़ में कांटेदार झाड़ियों के बीच तुलसी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मर्ग कायम कर शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया गया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
मर्ग जांच, परिजनों के बयान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर गला घोंटकर हत्या किए जाने, दोनों पैरों को पीले रंग के बिजली के तार से बांधने और शव छिपाकर साक्ष्य मिटाने की कोशिश की पुष्टि हुई। इसके बाद थाना सरगांव में अपराध क्रमांक 166/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 एवं 238 में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर किया खुलासा
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग ने अंधेकत्ल का शीघ्र खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए थे।
एसएसपी भोजराम पटेल के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के पर्यवेक्षण तथा उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह के नेतृत्व में साइबर सेल और थाना सरगांव पुलिस की संयुक्त टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनास्थल, मृतक के आवागमन, आसपास के क्षेत्रों और उससे संबंधित लोगों की जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि तुलसी की मोटरसाइकिल उसके घर से लगभग दो किलोमीटर दूर मिली थी, जबकि शव मोटरसाइकिल मिलने के स्थान से करीब 700 मीटर की दूरी पर बरामद हुआ था।
मुखबिर सूचना तंत्र और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को सरपंच चुनाव में हार की रंजिश का सुराग मिला। इसके बाद जांच आगे बढ़ाते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पांच आरोपी गिरफ्तार, निशान कार सहित कई साक्ष्य जब्त
पुलिस ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम:
धनीराम साहू (40 वर्ष), पिता रामगोपाल साहू, निवासी पेण्ड्री ‘स’, थाना सरगांव, जिला मुंगेली।
भुवन साहू (28 वर्ष), पिता बीपत राम साहू, निवासी किरना, थाना सरगांव, जिला मुंगेली।
ओम उर्फ ओमनारायण राजपूत (25 वर्ष), पिता घनश्याम राजपूत, निवासी पेण्ड्री ‘स’, थाना सरगांव, जिला मुंगेली।
सुरेंद्र जोशी (25 वर्ष), पिता रेशम लाल जोशी, निवासी दर्रीकापा, थाना कोटा, जिला बिलासपुर।
टीकाराम साहू (53 वर्ष), पिता चौतराम साहू, निवासी मोहभट्ठा, थाना सरगांव, जिला मुंगेली।
विवेचना के दौरान हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं के साथ भारतीय न्याय संहिता की धारा 140(3) एवं 61(2) के तहत अपहरण और आपराधिक षड्यंत्र से संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर ये सामग्री जब्त की है:
पंप हाउस में इस्तेमाल किए गए बिजली के तार के कटे टुकड़े।
मृतक के जूते, जैकेट और मोबाइल चार्जर।
धनीराम और भुवन के मोबाइल फोन सहित अन्य मोबाइल।
स्टाम्प पेपर और उस पर लिखते हुए बनाया गया वीडियो।
घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल।
अपहरण में इस्तेमाल निशान कार क्रमांक CG 10 CE 2075।
सुपारी की रकम में से शेष 10 हजार रुपये नकद।
पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को 30 अक्टूबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने के लिए न्यायालय में पेश किया है।
खुलासा करने वाली पुलिस टीम को मिलेगा नकद पुरस्कार
अंधेकत्ल के इस मामले का खुलासा करने पर पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल गर्ग ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को नकद राशि से पुरस्कृत करने की घोषणा की है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक अशोक यादव, प्रधान उपनिरीक्षक नवनीत नावेलकर, उपनिरीक्षक सत्येंद्रपुरी गोस्वामी, उपनिरीक्षक महेश मिश्रा, सहायक उपनिरीक्षक निर्मल घोष, धर्मेंद्र शर्मा, प्रधान आरक्षक नोखेलाल कुर्रे, यशवंत डाहिरे, नरेश यादव, अशोक कौशिक, रवि जांगड़े तथा आरक्षक राहुल यादव, भेषज पाण्डेकर, परमेश्वर जांगड़े, राहुलकांत कश्यप, राकेश बंजारे, अतुल ठाकुर, हेमसिंह ठाकुर, रामकिशोर कश्यप, बसंत डाहिरे, रिपीन बनर्जी, अजय रावत, विश्वनाथ सिंह, पंकज निर्णेजक एवं अनिल मरावी की भूमिका रही।
फिलहाल इस मामले में पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस के अनुसार, हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की पतासाजी जारी है।




