मुंगेली, 05 नवंबर 2026। जिले में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण और बिक्री पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में आबकारी वृत्त लोरमी और जिला आबकारी टीम ने ग्राम फुलझर, थाना चिल्फी में कार्रवाई करते हुए 9.250 बल्क लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब जब्त की है। मामले में आरोपी टपबच्चन मिरी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल कराया गया है।

ग्राम फुलझर में आरोपी के कब्जे से मिली शराब
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के कारोबार के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इसी के तहत आबकारी वृत्त लोरमी के उपनिरीक्षक उम्मी रूमा और जिला आबकारी टीम ने ग्राम फुलझर में दबिश देकर कार्रवाई की।
इस दौरान आरोपी टपबच्चन मिरी के कब्जे से 9.250 बल्क लीटर हाथ भट्ठी महुआ शराब बरामद की गई। विभाग की टीम ने शराब जब्त कर आरोपी के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की।
गैरजमानती प्रकरण दर्ज, आरोपी जेल दाखिल
जिला आबकारी अधिकारी के अनुसार, आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम की धारा 34(2) एवं 59(क) के तहत गैरजमानती प्रकरण दर्ज किया गया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल करा दिया गया।




