बुजुर्गों को कानूनी अधिकारों, भरण-पोषण अधिनियम एवं शासकीय योजनाओं की दी गई जानकारी, स्वास्थ्य परीक्षण कर उपलब्ध कराई गई आवश्यक चिकित्सा सुविधा
मुंगेली। अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर वृद्धजनों के सम्मान, उनके अधिकारों के प्रति जागरूकता तथा स्वास्थ्य सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वृद्धाश्रम रामगढ़ में विधिक जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। सालसा द्वारा जारी प्लान ऑफ एक्शन के तहत जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली की अध्यक्ष गिरिजा देवी मेरावी के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में वृद्धजनों से आत्मीय संवाद कर उनकी समस्याओं एवं आवश्यकताओं की जानकारी ली गई।
शिविर में उपस्थित वृद्धजनों को उनके कानूनी अधिकारों, भरण-पोषण अधिनियम तथा विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों एवं न्यायिक अधिकारियों ने वृद्धजनों से उनकी दैनिक दिनचर्या और व्यक्तिगत समस्याओं के संबंध में बातचीत कर उनकी बातों को गंभीरता से सुना तथा आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और आंखों की हुई जांच
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान विशेष रूप से ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर एवं आंखों की जांच की गई। जांच के उपरांत स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श दिया गया तथा जरूरत के अनुसार दवाइयां भी उपलब्ध कराई गईं। इससे वृद्धजनों को एक ही स्थान पर विधिक जानकारी के साथ स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक सेवाओं का लाभ मिला।
शिविर के माध्यम से वृद्धजनों को यह संदेश दिया गया कि उनके अधिकारों की रक्षा एवं सम्मान सुनिश्चित करने के लिए विधिक सेवा संस्थाएं और प्रशासन निरंतर प्रयासरत हैं। साथ ही उन्हें उपलब्ध शासकीय योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ लेने के लिए आवश्यक जानकारी और मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
न्यायिक अधिकारी एवं मेडिकल टीम रही मौजूद
इस अवसर पर राकेश कुमार सोम, प्रथम अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश, सतीश कुमार खाखा, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं प्रभारी सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, दीपक कुमार शर्मा, द्वितीय व्यवहार न्यायाधीश वरिष्ठ श्रेणी, नारायणी कच्छप, व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी के प्रथम अति. न्यायाधीश मुंगेली, श्रेया तुलावी, व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी के द्वितीय अति. न्यायाधीश मुंगेली, अतनु प्रसाद, व्यवहार न्यायाधीश कनिष्ठ श्रेणी के तृतीय अति. न्यायाधीश मुंगेली, सिमर प्रीत सलूजा, सिविल जज जूनियर डिवीजन मुंगेली, यश मौर्य, सिविल जज जूनियर डिवीजन मुंगेली, श्रीकेश गुप्ता, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, डॉ. संजय ओबरॉय, चित्रलेखा साहू (मैनेजमेंट वृद्धाश्रम), सुमीत साहू, वैभव यादव, वृद्धाश्रम समस्त स्टॉफ एवं मेडिकल टीम उपस्थित रहे।