ChhattisgarhMungeli

500 रुपये के लिए वृद्ध महिला की हत्या का खुलासा, 6 दिन में पुलिस ने विधि से संघर्षरत बालक को लिया अभिरक्षा में

पथरिया पुलिस ने ग्राम उमरिया में हुए अंधे कत्ल का किया खुलासा, मोबाइल छुड़ाने के लिए मांगे थे 500 रुपये

घटना के समय पहने कपड़े बरामद, किशोर न्याय बोर्ड मुंगेली के समक्ष पेश कर बाल संप्रेक्षण गृह में दाखिल कराया गया

मुंगेली, । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में थाना पथरिया पुलिस ने अंधे कत्ल के मामले में सफलता हासिल करते हुए ग्राम उमरिया में वृद्ध महिला की हत्या का खुलासा किया है। पुलिस ने 26-27 सितंबर की दरम्यानी रात हुई हत्या की घटना का खुलासा महज 6 दिन के भीतर करते हुए विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया है। प्रकरण में विधिवत कार्रवाई करते हुए उसे किशोर न्याय बोर्ड मुंगेली के समक्ष पेश कर पृथक से बाल संप्रेक्षण गृह में दाखिल कराया गया है।

26-27 सितंबर की रात हुई थी हत्या

दिनांक 27 सितंबर 2026 को प्रार्थिया दिव्या भारती, पिता दशवंत भारद्वाज, उम्र 33 वर्ष, निवासी अमोरा, थाना जरहागांव ने चौकी साकेत में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि ग्राम उमरिया में उसकी मौसी सोनकलिया बाई डहरिया की किसी अज्ञात आरोपी द्वारा 26 एवं 27 सितंबर की दरम्यानी रात गला रेतकर हत्या कर दी गई है।

सूचना पर चौकी साकेत एवं थाना पथरिया पुलिस ग्राम उमरिया स्थित मृतिका के घर पहुंची और मौके पर मर्ग कायम कर जांच एवं पंचनामा कार्रवाई की। मर्ग जांच में हत्या का अपराध घटित होना पाए जाने पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध 28 सितंबर 2026 को थाना पथरिया में अपराध क्रमांक 242/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित की गई पुलिस टीम

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने हत्या के अज्ञात आरोपी की पतासाजी कर यथाशीघ्र विधिवत कार्रवाई करने के लिए राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना पथरिया तथा चौकी साकेत प्रभारी को निर्देशित किया।

निर्देशों के परिपालन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला के मार्गदर्शन एवं उप पुलिस अधीक्षक हरविन्दर सिंह के नेतृत्व में थाना पथरिया, साइबर सेल एवं चौकी साकेत की पुलिस टीम गठित कर अलग-अलग पहलुओं पर विवेचना प्रारंभ की गई।

बेसिक पुलिसिंग, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर तंत्र से मिली अहम जानकारी

अंधे कत्ल के मामले में पुलिस टीम ने बेसिक पुलिसिंग करते हुए प्रार्थी, परिजनों एवं आसपास के लोगों के विस्तृत कथन दर्ज किए। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करने के साथ ही फॉरेन्सिक एवं तकनीकी साक्ष्यों का संकलन किया गया तथा मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।

इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि घटना मृतिका के ही गांव के एक विधि से संघर्षरत बालक द्वारा कारित की गई है।

सूचना के आधार पर उक्त बालक को उसके पिता/संरक्षक के साथ गांव के पंचायत भवन के पास तलब किया गया। गवाहों की मौजूदगी में पूछताछ करने पर बालक ने बताया कि उसने अपना गिरवी रखा मोबाइल छुड़ाने के लिए मृतिका सोनकलिया बाई, जो उसकी पारिवारिक दादी थी, से 500 रुपये मांगे थे। मृतिका द्वारा पैसे नहीं देने पर गुस्से में आकर उसने हंसिया से मृतिका के गले पर प्राणघातक चोट पहुंचाकर हत्या कर दी।

घटना के समय पहने कपड़े बरामद

विधि से संघर्षरत बालक की निशानदेही पर घटना के समय उसके द्वारा पहने गए कपड़े, टी-शर्ट एवं जींस फुल पैंट उसके घर से बरामद किए गए। प्रकरण में पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर 03 अक्टूबर 2026 को सामाजिक पृष्ठभूमि पत्र तैयार कर विधि से संघर्षरत बालक को अभिरक्षा में लिया गया।

इसके बाद उसे किशोर न्याय बोर्ड मुंगेली के समक्ष पेश किया गया, जहां से उसे पृथक से बाल संप्रेक्षण गृह में दाखिल कराया गया।

पुलिस टीम की रही अहम भूमिका

उक्त कार्रवाई में निरीक्षक पवन देवांगन, थाना प्रभारी पथरिया, उपनिरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी, प्रभारी साइबर सेल, सहायक उपनिरीक्षक रोशन टण्डन, प्रधान आरक्षक यशवंत डाहिरे, नोखेलाल कुर्रे, नरेश यादव, रवि जांगड़े, प्रकाश साहू, आरक्षक भेषज पाण्डेकर, राहुल यादव, राकेश बंजारे, गिरिराज सिंह, अतुल सिंह, हेमसिंह, महेन्द्र सिंह, राहुलकांत कश्यप, रामकिशोर कश्यप, जितेन्द्र सिंह, हलिश गेंदले, अमित बारले, स्वारथ लाल ध्रुव, दीपक ठाकुर एवं शिवशंकर गोयल की अहम भूमिका रही।

Lavjeet Singh Saluja

जिला ब्यूरो चीफ, मुंगेली मुंगेली जिले की प्रमुख खबरों, जनसमस्याओं एवं सामाजिक सरोकारों को प्रभावी और तथ्यपरक तरीके से प्रस्तुत करने वाले सक्रिय पत्रकार।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!