187 पॉलिथीन में भरी शराब और तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त, कुल 48 हजार रुपये की संपत्ति जब्त
मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन बाज’ के तहत मुंगेली पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों तथा मादक पदार्थों की बिक्री और तस्करी करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सरगांव पुलिस ने कच्ची महुआ शराब की तस्करी करते एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 187 पॉलिथीन में भरी कुल 56.100 लीटर कच्ची महुआ शराब तथा तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 48,000 रुपये बताई गई है।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुंगेली डॉ. प्रशांत शुक्ला एवं उप पुलिस अधीक्षक पथरिया हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में अवैध शराब की तस्करी के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।
इसी दौरान 8 अक्टूबर 2026 को थाना सरगांव पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति कच्ची महुआ शराब लेकर ग्राम मचहा से सरगांव की ओर जा रहा है। सूचना की तस्दीक के लिए पुलिस टीम ने हमराह स्टाफ एवं गवाहों के साथ ग्राम बावली स्कूल के पास मर्राकोना रोड पर घेराबंदी की और संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ लिया।
187 पॉलिथीन में मिली 56.100 लीटर कच्ची महुआ शराब
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम परषोत्तम जांगड़े, पिता शेरदास जांगड़े, उम्र 45 वर्ष, निवासी ग्राम मचहा, थाना सरगांव, जिला मुंगेली बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे में रखी सफेद प्लास्टिक की बोरी से 187 पॉलिथीन बरामद हुईं। प्रत्येक पॉलिथीन में 300 मिलीलीटर हाथ भट्ठी से बनी कच्ची महुआ शराब भरी हुई थी। कुल शराब की मात्रा 56 लीटर 100 मिलीलीटर बताई गई है, जिसकी कीमत 8,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने शराब तस्करी में प्रयुक्त होंडा कंपनी की मोटरसाइकिल क्रमांक CG-28 K-5127, जिसकी कीमत 40,000 रुपये है, को भी जब्त किया। इस प्रकार शराब और मोटरसाइकिल सहित कुल 48,000 रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई, आरोपी जेल भेजा गया
पुलिस ने आरोपी परषोत्तम जांगड़े के विरुद्ध थाना सरगांव में अपराध क्रमांक 150/2026, धारा 34(2) एवं 59(क) आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई की। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
उक्त कार्रवाई में उप निरीक्षक सत्येन्द्र पुरी गोस्वामी, प्रभारी साइबर सेल मुंगेली, प्रधान आरक्षक यशवंत डाहिरे, रवि जांगड़े, नोखेलाल कुर्रे, नरेश यादव, थाना सरगांव से प्रधान आरक्षक अशोक कौशिक, आरक्षक विश्वनाथ राजपूत, राहुल यादव, राकेश बंजारे, अतुल ठाकुर, रामकिशोर कश्यप, हेमसिंह, भेषज पाण्डेकर, परमेश्वर एवं राहुल कांत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



