साइबर ठगी, यातायात नियमों, नशा मुक्ति और पॉक्सो अधिनियम की दी गई जानकारी, सुरक्षित एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का किया आह्वान

मुंगेली। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल (भा.पु.से.) के निर्देशन में संचालित ‘पहल’ जागरूकता अभियान के तहत बिलासपुर स्थित पीसीएस कोचिंग सेंटर में अध्ययनरत विद्यार्थियों एवं शिक्षकों के लिए एक दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के साथ यातायात नियमों, नशा मुक्ति एवं पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों की जानकारी देकर उन्हें सुरक्षित और जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम में थाना सिटी कोतवाली प्रभारी उप निरीक्षक नवीन कुमार जांगड़े तथा साइबर सेल की टीम से मधुकर रात्रे एवं बबीता श्रीवास ने वक्ता के रूप में उपस्थित होकर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन दिया।
साइबर अपराध के नए तरीकों से कराया अवगत
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर अपराध के बदलते तरीकों, जैसे डिजिटल अरेस्ट, पार्ट-टाइम जॉब फ्रॉड और एपीके फाइल्स के माध्यम से होने वाली धोखाधड़ी के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए गए तथा साइबर सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने की अपील की गई।
अधिकारियों ने बताया कि साइबर अपराधी लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाकर उनकी गोपनीय जानकारी और धनराशि ठगने का प्रयास करते हैं। ऐसे में अनजान लिंक और संदिग्ध संदेशों से सावधान रहना बेहद जरूरी है।
यातायात नियमों और नशा मुक्ति पर दिया संदेश
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही नशे के दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।
इसके अलावा, पॉक्सो (POCSO) अधिनियम के कानूनी प्रावधानों से अवगत कराते हुए बच्चों की सुरक्षा और उनसे संबंधित अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया गया।
साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर करें शिकायत
साइबर सुरक्षा के संबंध में अधिकारियों ने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों से अपील की कि वे किसी भी अनजान लिंक या संदिग्ध मैसेज पर क्लिक न करें। अपना ओटीपी (OTP), सीवीवी (CVV) अथवा बैंक खाते से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
उन्होंने बताया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें अथवा www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। आपातकालीन स्थिति में डायल 112 की सहायता लेने की भी जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का किया गया समाधान
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों द्वारा पूछे गए प्रश्नों एवं जिज्ञासाओं का समाधान किया गया। मुंगेली पुलिस द्वारा ‘पहल’ अभियान के माध्यम से युवाओं और आम नागरिकों को विभिन्न अपराधों के प्रति जागरूक करने तथा सुरक्षित, जिम्मेदार एवं अपराध मुक्त समाज के निर्माण के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।




