मुंगेली में विजयादशमी के अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने पुलिस लाइन में विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पारंपरिक शस्त्र एवं वाहन पूजन किया। इस दौरान पुलिस के आग्नेयास्त्रों, शस्त्रागार के आयुधों तथा आपातकालीन और गश्ती वाहनों की पूजा कर रक्षा सूत्र बांधे गए। कार्यक्रम में पारंपरिक हर्ष फायर भी किया गया। जिले के सभी थानों और पुलिस चौकियों में भी शस्त्र पूजन हुआ। पुलिस ने त्योहार के दौरान शांति, सुरक्षा और सौहार्द बनाए रखने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं।


पुलिस लाइन में विधि-विधान से हुआ शस्त्र एवं वाहन पूजन
विजयादशमी के पावन पर्व पर मुंगेली स्थित रक्षित केंद्र (पुलिस लाइन) में ‘शस्त्रेण रक्षित राष्ट्रम्’ के तहत पारंपरिक शस्त्र एवं वाहन पूजन का आयोजन किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल की उपस्थिति में मंत्रोच्चार के साथ पूजा संपन्न हुई।
इस अवसर पर पुलिस विभाग के अत्याधुनिक आग्नेयास्त्रों, शस्त्रागार (कोत) के आयुधों तथा आपातकालीन एवं गश्ती वाहनों का पूजन किया गया। इसके बाद शस्त्रों और वाहनों पर रक्षा सूत्र बांधे गए और पारंपरिक हर्ष फायर किया गया।
शस्त्रों का उद्देश्य निर्बलों की रक्षा और अपराध नियंत्रण: भोजराम पटेल
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एसएसपी भोजराम पटेल ने कहा कि विजयादशमी असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की शाश्वत विजय का पर्व है।
उन्होंने कहा कि पुलिस के लिए शस्त्र केवल बल प्रदर्शन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि निर्बलों की रक्षा, अपराध नियंत्रण और समाज में न्याय एवं शांति स्थापित करने के दायित्व से जुड़े हैं।
उन्होंने पुलिस बल का मनोबल बढ़ाते हुए अधिकारियों और जवानों को पूर्ण समर्पण, अनुशासन, मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता के साथ जनसेवा करने का संदेश दिया।
दशहरा और रावण दहन के लिए जिलेभर में सुरक्षा के इंतजाम
एसएसपी भोजराम पटेल ने जिलेवासियों से विजयादशमी का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
दशहरा उत्सव और रावण दहन के आयोजनों को ध्यान में रखते हुए जिले के संवेदनशील स्थलों, मुख्य बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इसके साथ ही लगातार पेट्रोलिंग और यातायात प्रबंधन सुनिश्चित किया गया है, ताकि त्योहार शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
सभी थानों और पुलिस चौकियों में भी हुआ शस्त्र पूजन
मुंगेली जिले के समस्त थानों और पुलिस चौकियों में संबंधित थाना एवं चौकी प्रभारियों की उपस्थिति में अधीनस्थ पुलिसकर्मियों ने विधि-विधान से शस्त्र पूजन किया।
पुलिस लाइन में पूजन के बाद उपस्थित अधिकारियों और जवानों को मिठाई वितरित कर विजयादशमी की बधाई दी गई। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम में पुलिस अधिकारी और जवान रहे उपस्थित
शस्त्र एवं वाहन पूजन कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नवनीत कौर छाबड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक माधुरी धिरही, उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह और रक्षित निरीक्षक नरगिस ख्रिस्ट तिग्गा बघेल उपस्थित रहीं।
इसके अलावा जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी और पुलिस लाइन का स्टाफ भी कार्यक्रम में शामिल हुआ।
मुंगेली पुलिस की ओर से जिलेवासियों को विजयादशमी पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं। पुलिस ने त्योहार को शांति, सुरक्षा और आपसी सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।




