छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर 03 नवंबर 2026 को मुंगेली जिला मुख्यालय स्थित वीर शहीद धनंजय सिंह राजपूत स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव की सांस्कृतिक संध्या लोककला और संगीत के नाम रही। प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी गायक नितिन दुबे, लोकगायिका रेखा देवार और राष्ट्रीय कवयित्री अन्नपूर्णा पवार आहुति की प्रस्तुतियों के साथ पंथी नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। लोकगीत, पारंपरिक गायन और नृत्य की प्रस्तुतियों से पूरा परिसर छत्तीसगढ़ी संस्कृति के रंगों में रंगा नजर आया।

नितिन दुबे के गीतों पर झूमे दर्शक, रेखा देवार ने जीवंत की भरथरी परंपरा
राज्योत्सव में प्रसिद्ध छत्तीसगढ़ी गायक नितिन दुबे ने अपने लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। उनके सुरीले गीतों पर दर्शक झूम उठे और पूरे उत्साह के साथ सांस्कृतिक संध्या का आनंद लिया।
वहीं लोकगायिका रेखा देवार ने पारंपरिक भरथरी गायन और देवार गीतों की प्रस्तुति देकर छत्तीसगढ़ की प्राचीन लोकगायन परंपरा की झलक पेश की। उनकी भावपूर्ण गायकी ने दर्शकों को प्रदेश की समृद्ध लोकसंस्कृति और पारंपरिक संगीत से जोड़ा।
अन्नपूर्णा पवार आहुति की संगीतमय काव्य प्रस्तुति ने बांधा समां
राष्ट्रीय कवयित्री अन्नपूर्णा पवार आहुति ने अपनी संगीतमय काव्यात्मक प्रस्तुति से सांस्कृतिक संध्या में विशेष रंग भरे। संगीत की धुन पर प्रस्तुत ‘मोर छत्तीसगढ़ महतारी’ गीत ने दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उनकी अन्य काव्य प्रस्तुतियों को भी दर्शकों ने सराहा।
इस प्रस्तुति में गिटार पर बलौदाबाजार की साखी साहू ने संगत की, जबकि संजू चक्रधारी ने ढोलक और तबले पर साथ दिया।
पारंपरिक पंथी नृत्य ने दर्शकों को किया आकर्षित
लोक संस्कृति, खेल एवं मानव कल्याण समिति भटगांव के लक्ष्मीकांत जड़ेजा और उनकी टीम ने प्रसिद्ध पंथी नृत्य की मनमोहक प्रस्तुति दी। पारंपरिक वेशभूषा, आकर्षक नृत्य मुद्राओं और लयबद्ध ताल के साथ कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया।
पंथी नृत्य की इस प्रस्तुति ने दर्शकों का विशेष ध्यान खींचा और सांस्कृतिक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ की पारंपरिक नृत्य विरासत की झलक दिखाई।
स्कूली विद्यार्थियों और स्थानीय कलाकारों ने भी दी प्रस्तुतियां
राज्योत्सव के सांस्कृतिक कार्यक्रम में पीएमश्री सेजेस दाउपारा, पीएमश्री सेजेस बी.आर. साव, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय करही के विद्यार्थियों ने भी अपनी प्रस्तुतियां दीं।
इसके अलावा पंथी, लोक रंगमंच और अन्य स्थानीय कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। पूरे आयोजन में आधुनिक छत्तीसगढ़ी गीतों से लेकर पारंपरिक लोकगायन और लोकनृत्य तक प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता देखने को मिली।
इस तरह मुंगेली के जिला स्तरीय राज्योत्सव की सांस्कृतिक संध्या में प्रसिद्ध कलाकारों, स्कूली विद्यार्थियों और स्थानीय प्रतिभाओं ने अपनी प्रस्तुतियों से छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला और सांस्कृतिक विरासत की जीवंत झलक पेश की।




