मुंगेली में 03 नवंबर 2026 को जिला कलेक्ट्रेट के मनियारी सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा बैठक में कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने आम नागरिकों की शिकायतों और लंबित राजस्व प्रकरणों के निराकरण को लेकर अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों पर की गई कार्रवाई केवल कागजों और फाइलों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसका असर धरातल पर भी दिखाई देना चाहिए। जनदर्शन, सीएम हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से प्राप्त आवेदनों की वास्तविक स्थिति की जांच कर नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई
बैठक में कलेक्टर ने कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं का वास्तविक समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। जनदर्शन और सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारी उनकी वास्तविक स्थिति का परीक्षण करें और समय पर उचित कार्रवाई करें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि शिकायतों के निराकरण में केवल औपचारिकता पूरी करना पर्याप्त नहीं है। कार्रवाई का लाभ संबंधित आवेदक तक पहुंचना चाहिए।
लंबित राजस्व प्रकरणों को समय-सीमा में निपटाने के निर्देश
राजस्व विभाग की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने विवादित एवं अविवादित सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा सहित विभिन्न राजस्व प्रकरणों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने सभी लंबित मामलों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि राजस्व संबंधी मामले सीधे आम नागरिकों और किसानों के हितों से जुड़े होते हैं। ऐसे मामलों में अनावश्यक देरी, लापरवाही और उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कार्यों में कोताही बरतने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
किसान सम्मान निधि और जाति प्रमाण पत्र के आवेदनों पर जोर
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा करते हुए सभी पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाने और आवश्यक प्रक्रियाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
जाति प्रमाण पत्र से संबंधित आवेदनों का परीक्षण कर पात्र हितग्राहियों को निर्धारित समय पर प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
डिजिटल क्रॉप सर्वे और धान खसरा पॉलीगॉन का काम समय पर पूरा करें
बैठक में डिजिटल क्रॉप सर्वे और धान खसरा पॉलीगॉन जनरेशन के कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सर्वे कार्य में शुद्धता, पारदर्शिता और गंभीरता बनाए रखने को कहा, ताकि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार कार्यों को पूरा किया जा सके।
निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के निर्देश
विभिन्न प्राधिकरणों के अंतर्गत स्वीकृत विकास एवं निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। साथ ही प्रगतिरत कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में ये अधिकारी रहे उपस्थित
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने सभी विभागीय अधिकारियों को समय-सीमा के प्रकरणों की नियमित समीक्षा कर प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर शासन की योजनाओं और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने पर जोर दिया।
बैठक में डीएफओ तन्मय कौशिक, जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर अंजोर सिंह पैकरा, मुंगेली एसडीएम मायानंद चंद्रा, लोरमी एसडीएम अभयजीत सिंह मंडावी, पथरिया एसडीएम रेखा चंद्रा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।




