मुंगेली के तिलक वार्ड निवासी कुम्हार मुन्नालाल प्रजापति को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पत्र लिखकर शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने पत्र में मिट्टी से दीये और विभिन्न प्रकार की मूर्तियां तैयार करने के उनके पारंपरिक हुनर की सराहना की। मुख्यमंत्री का शुभकामना पत्र पाकर मुन्नालाल ने प्रसन्नता जताई और इसे पारंपरिक कारीगरों के लिए गर्व एवं प्रोत्साहन का विषय बताया।

मुन्नालाल पीढ़ियों से चली आ रही कुम्हारी कला के जरिए मिट्टी से सुंदर दीये, देवी-देवताओं की मूर्तियां और विभिन्न उपयोगी वस्तुएं तैयार करते हैं। प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत मिले एक लाख रुपये के ऋण ने उनके पारंपरिक व्यवसाय को आगे बढ़ाने में आर्थिक मदद दी है।
मुख्यमंत्री ने पत्र लिखकर की पारंपरिक हुनर की सराहना
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मुंगेली नगर पालिका के तिलक वार्ड निवासी मुन्नालाल प्रजापति को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके पारंपरिक कौशल की सराहना की। मिट्टी से उपयोगी और कलात्मक वस्तुएं तैयार करने वाले मुन्नालाल के हुनर को मुख्यमंत्री की पाती में जगह मिली।
शुभकामना पत्र मिलने पर मुन्नालाल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पारंपरिक कारीगरों के हुनर को पहचान मिलना उनके लिए गर्व और प्रोत्साहन की बात है।
प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना से मिला एक लाख रुपये का ऋण
मुन्नालाल प्रजापति ने बताया कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत उन्हें 5 प्रतिशत ब्याज दर पर एक लाख रुपये का ऋण प्राप्त हुआ है। इस आर्थिक सहयोग से उन्हें कुम्हारी व्यवसाय के लिए जरूरी संसाधनों की व्यवस्था करने और अपने काम को बेहतर तरीके से संचालित करने में मदद मिली है।
उन्होंने कहा कि योजना से मिले सहयोग ने अपने पारंपरिक हुनर को और विकसित करने तथा व्यवसाय को व्यवस्थित रूप से आगे बढ़ाने का आत्मविश्वास दिया है।
आजीविका के साथ कला और परंपरा को भी सहेज रहे मुन्नालाल
मुन्नालाल के अनुसार, कुम्हारी केवल आजीविका का साधन नहीं है, बल्कि यह पीढ़ियों से चली आ रही कला, परंपरा और संस्कृति को जीवित रखने का माध्यम भी है। मिट्टी से दीये, देवी-देवताओं की मूर्तियां और उपयोगी वस्तुएं तैयार कर वे अपनी पारंपरिक कला को आगे बढ़ा रहे हैं।
मुख्यमंत्री की ओर से मिले शुभकामना संदेश और प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के तहत प्राप्त आर्थिक सहयोग को उन्होंने अपने हुनर और व्यवसाय के लिए प्रोत्साहन बताते हुए शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।




