GPS लोकेशन के आधार पर पुलिस ने 7 घंटे के भीतर आरोपी को किया गिरफ्तार, मदकूद्वीप चौक के पास मिली चोरी की गाड़ी

मुंगेली। सरगांव थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे स्थित पथरिया मोड़ के पास खड़ी कोयले से भरी 18 पहिया ट्रेलर चोरी होने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को 7 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। चोरी की गई ट्रेलर में 38.650 टन कोयला लोड था। वाहन और कोयले सहित जब्त संपत्ति की कुल कीमत 42 लाख 43 हजार 495 रुपये बताई गई है। पुलिस ने GPS लोकेशन के आधार पर ग्राम मदकू के मदकूद्वीप चौक के पास से ट्रेलर बरामद की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रामखिलावन कुर्मी (48 वर्ष), निवासी सुकलाखार वार्ड क्रमांक 10, बाकीमोंगरा जिला कोरबा, पिछले छह महीने से विनय राठौर निवासी हरदीबाजार के ट्रेलर वाहन में चालक के रूप में कार्यरत है। 15 नवंबर को वह ट्रेलर क्रमांक CG 22 AJ 8016 में गेवरा खदान से कोयला लोड कर रायपुर स्थित वंदना प्लांट जाने के लिए निकला था।
16 नवंबर की सुबह करीब 6 बजे वह सरगांव-पथरिया मोड़ के पास वाहन खड़ा कर चाय पीने चला गया। कुछ देर बाद जब वह वापस लौटा तो मौके से ट्रेलर गायब थी। ट्रेलर में 38.650 टन कोयला लोड था। वाहन और कोयले की कुल कीमत 42 लाख 43 हजार 495 रुपये आंकी गई। चालक की रिपोर्ट पर थाना सरगांव में अपराध क्रमांक 189/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
GPS लोकेशन से मिला सुराग

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत शुक्ला और उप पुलिस अधीक्षक पथरिया हरविंदर सिंह के मार्गदर्शन में थाना सरगांव पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। विवेचना के दौरान चोरी हुए ट्रेलर में लगे GPS सिस्टम की लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम मदकू में घेराबंदी की। इस दौरान मदकूद्वीप चौक के पास चोरी की गई ट्रेलर को पकड़ लिया गया।
पुलिस ने वाहन में मौजूद व्यक्ति से पूछताछ की तो उसने अपना नाम भगतराम राजपूत (24 वर्ष), पिता रामगोपाल राजपूत, निवासी ग्राम लमती थाना सरगांव जिला मुंगेली बताया। थाने में पूछताछ के दौरान आरोपी ने पथरिया मोड़ से ट्रेलर चोरी करना स्वीकार किया। इसके बाद पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में उसके कब्जे से ट्रेलर और उसमें लोड कोयले को जब्त कर लिया।
42 लाख से अधिक की संपत्ति बरामद
पुलिस के अनुसार, जब्त ट्रेलर की कीमत 40 लाख रुपये तथा उसमें लोड कोयले की कीमत 2 लाख 43 हजार 495 रुपये है। इस प्रकार कुल 42 लाख 43 हजार 495 रुपये की संपत्ति बरामद की गई है। आरोपी भगतराम राजपूत को 16 नवंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
इनकी रही भूमिका
उक्त कार्रवाई में थाना सरगांव के निरीक्षक अशोक यादव, प्रशिक्षु उप निरीक्षक नवनीत नावेलकर, सहायक उप निरीक्षक निर्मल घोष, प्रधान आरक्षक ज्वाला प्रसाद हिंडोरे, भागबली जांगड़े तथा आरक्षक पंकज निर्णेजक, अजय रावत, रिपीन बनर्जी, ओमप्रकाश कुर्रे और भंवर लाल ध्रुव की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




