मुंगेली। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (चिरायु योजना) के तहत मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड में जन्मजात टेढ़े पैरों की समस्या से पीड़ित दो माह की बच्ची का निःशुल्क उपचार किया गया। ग्राम हथनीकला के आंगनबाड़ी केंद्र में स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान बच्ची की बीमारी की पहचान हुई थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम ने जिला चिकित्सालय मुंगेली में उपचार शुरू कराया। नियमित प्लास्टर और चिकित्सकीय देखरेख के बाद बच्ची के पैरों की स्थिति में सुधार आया। उपचार के अगले चरण में उसे विशेष जूता भी उपलब्ध कराया गया।

आंगनबाड़ी केंद्र में स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान सामने आई समस्या
ग्राम हथनीकला स्थित आंगनबाड़ी केंद्र में स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान दो माह की आयांश यादव के पैरों में जन्मजात टेढ़ेपन की समस्या सामने आई। चिरायु टीम ने तत्काल बच्ची को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय मुंगेली पहुंचाया, जहां अस्थि रोग विशेषज्ञ से चिकित्सकीय परामर्श लिया गया।
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देशानुसार जिले में चिरायु योजना के माध्यम से बच्चों में जन्मजात बीमारियों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
पोटेन्सी विधि से हर सप्ताह किया गया उपचार
चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार बच्ची का पोटेन्सी विधि से उपचार शुरू किया गया। इसके तहत प्रत्येक सप्ताह पैरों में कास्ट (प्लास्टर) लगाया गया। नियमित उपचार और चिकित्सकीय निगरानी से धीरे-धीरे बच्ची के पैरों की स्थिति में सुधार आने लगा।
उपचार के अगले चरण में बच्ची को जिला चिकित्सालय बिलासपुर ले जाया गया, जहां उसे विशेष जूता उपलब्ध कराया गया। साथ ही परिजनों को बच्ची की देखभाल और आगे के उपचार को लेकर आवश्यक चिकित्सकीय निर्देश दिए गए।
बच्ची के स्वास्थ्य में सुधार से परिजनों में खुशी

समय पर बीमारी की पहचान और नियमित उपचार के बाद बच्ची के पैरों की स्थिति पहले की तुलना में सामान्य हुई है। बच्ची के स्वास्थ्य में आए सुधार से परिजन खुश हैं। उन्होंने समय रहते उपचार उपलब्ध कराने के लिए शासन-प्रशासन और चिरायु टीम के प्रति आभार जताया।
परिजनों का कहना है कि बीमारी की समय पर पहचान और उचित उपचार मिलने से उनकी बच्ची के स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ है। उनके लिए चिरायु योजना जैसी पहल काफी मददगार साबित हुई है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम ने निभाई जिम्मेदारी
इस पूरे उपचार में जिला कार्यक्रम प्रबंधक राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन डॉ. गिरीश कुर्रे और जिला नोडल अधिकारी चिरायु कार्यक्रम डॉ. कमलेश कुमार का मार्गदर्शन रहा।
इसके अलावा खंड चिकित्सा अधिकारी पथरिया डॉ. अमित लाल, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक निमिष मिश्रा, जिला सलाहकार आरएमएनसीएएचएन डॉ. अखिलेश कुमार बंजारे तथा चिरायु टीम से डॉ. ज्योति पाण्डेय (ए.एम.ओ.), डॉ. शैलेन्द्र बासंती (ए.एम.ओ.), बेदप्रकाश बंजारा (फार्मासिस्ट), दीपा साहू (लैब टेक्नीशियन) और सोनम चेलक (एएनएम) ने उपचार प्रक्रिया में योगदान दिया।
नियमित उपचार और चिकित्सकीय मार्गदर्शन से बच्ची के पैरों में सकारात्मक सुधार हुआ है। यह मामला चिरायु योजना के तहत बच्चों में जन्मजात स्वास्थ्य समस्याओं की समय पर पहचान और उपचार की उपयोगिता को सामने लाता है।




