अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट

रायपुर । राजधानी रायपुर में महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को और अधिक सुदृढ़ , प्रभावी एवं सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज पुलिस उपायुक्त डॉ. अर्चना झा एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त श्रीमती निमिषा पाण्डेय की उपस्थिति में ‘पिंक पेट्रोल टीम’ की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पिंक पेट्रोल टीम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को महिला सुरक्षा के प्रति संवेदनशीलता , तत्परता एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने के निर्देश दिये गये। विशेष रूप से स्कूलों , कॉलेजों , शैक्षणिक संस्थानों , छात्रावासों , कोचिंग सेंटरों , सार्वजनिक स्थलों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित एवं प्रभावी गश्त सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। अधिकारियों द्वारा निर्देशित किया गया कि स्कूल-कॉलेज आने-जाने वाली छात्राओं एवं महिलाओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुये संदिग्ध गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाये। किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ , अभद्र व्यवहार अथवा महिलाओं की सुरक्षा से संबंधित शिकायत प्राप्त होने पर तत्काल संज्ञान लेकर त्वरित एवं प्रभावी वैधानिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। साथ ही पिंक पेट्रोल टीम आम नागरिकों , विशेषकर महिलाओं एवं छात्राओं के बीच सुरक्षा का विश्वास मजबूत करने तथा उन्हें पुलिस सहायता के प्रति जागरूक करने हेतु सक्रिय भूमिका निभाये। समीक्षा बैठक के दौरान महिला सुरक्षा एवं संबंधित मामलों में अब तक प्राप्त कुल 233 शिकायतों की जानकारी साझा की गई। इन सभी शिकायतों पर पुलिस टीम द्वारा गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुये त्वरित कार्यवाही की गई तथा उनका निराकरण किया गया।
पिंक पेट्रोल द्वारा किये गये सराहनीय कार्य –
कोटा क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान चॉइस सेंटर के सामने से लड़की की रखी हुई साइकिल हरीश नायक के द्वारा चोरी कर लिया गया था जो कि सीसीटीवी फूटेज के माध्यम से पहचान कर साइकिल पर बरामद किया गया और संबंधित लड़की को सुपुर्द किया गया और लड़के को सरस्वती नगर थाना में सुपुर्द किया गया। इसी क्रम में पंडरी क्षेत्र में असहाय , बीमार महिला के मिलने की सूचना पर उसे खाना और फल के साथ नारी निकेतन में दाखिल कराया गया। ऐसे ही टिकरापारा क्षेत्र में पति पत्नी के विवाद में मध्यस्थता करते हुये एक परिवार को टूटने से बचाने का प्रयास किया गया। (निजता की सुरक्षा के लिये नामों का उल्लेख नहीं किया गया है)।पुलिस कमिश्नरेट रायपुर द्वारा स्पष्ट किया गया कि महिलाओं एवं छात्र-छात्राओं की सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी ही नहीं , बल्कि एक महत्वपूर्ण सामाजिक दायित्व भी है। इस दिशा में पिंक पेट्रोल टीम की सक्रियता , नियमित गश्त एवं त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया को और अधिक प्रभावी बनाया जायेगा , ताकि राजधानी में महिलायें एवं छात्रायें सुरक्षित वातावरण में निर्भीक होकर आवागमन कर सकें। पुलिस कमिश्नरेट रायपुर महिलाओं की सुरक्षा , सम्मान एवं निर्भीक वातावरण सुनिश्चित करने के लिये प्रतिबद्ध है।




