मुंगेली में दीपावली त्यौहार के मद्देनजर खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए सघन जांच अभियान चलाया है। 06 नवंबर 2026 को मुंगेली, लोरमी और पथरिया क्षेत्र के होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई दुकानों एवं किराना प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर विभिन्न खाद्य पदार्थों के कुल 18 नमूने संकलित किए गए। यह अभियान कलेक्टर अमृत विकास तोपनो के निर्देश पर चलाया जा रहा है।

अभिहित अधिकारी देवेंद्र ठाकुर और खाद्य सुरक्षा अधिकारी अजीत बघेल के नेतृत्व में विभागीय टीम ने प्रतिष्ठानों की जांच की। इस दौरान खाद्य कारोबारियों को गुणवत्ता बनाए रखने और स्वच्छता संबंधी निर्धारित मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए।
लड्डू, मिल्क केक से लेकर पैकेज्ड पानी तक के नमूने लिए

जांच अभियान के दौरान विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाई, नमकीन, बेकरी उत्पाद, पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और अन्य खाद्य सामग्री के नमूने लिए गए। इनमें लड्डू, मिल्क केक, शाही बर्फी, पिस्ता रोल, सोनपापड़ी, क्रीम रोल, हक्का नूडल्स, साबूदाना और मैगी सहित अन्य खाद्य पदार्थ शामिल हैं।
संकलित किए गए सभी 18 नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी भेजा जाएगा। वहां से प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता और गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान होटल एवं रेस्टोरेंट संचालकों और मिठाई निर्माताओं को खाद्य पदार्थ तैयार करते समय हेड कवर और हैंड ग्लव्स का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए। साथ ही निर्माण परिसर को साफ-सुथरा रखने और एक्सपायरी खाद्य सामग्री का विक्रय नहीं करने की हिदायत दी गई।
मिठाइयों में अखाद्य रंगों का उपयोग नहीं करने, खाद्य तेल का बार-बार इस्तेमाल करने से बचने तथा पेयजल को स्वच्छ और साफ-सुथरे बर्तनों में रखने के निर्देश भी दिए गए।
अखबार में पैक नहीं होंगे नमकीन और नाश्ते के खाद्य पदार्थ
खाद्य विभाग की टीम ने दुकानदारों को नमकीन और नाश्ते की पैकिंग में अखबारी कागज का उपयोग नहीं करने की भी हिदायत दी। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्पष्ट रूप से गुणवत्ता और स्वच्छता संबंधी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी नियमानुसार कार्रवाई
खाद्य पदार्थों के संकलित नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी भेजने की तैयारी है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के प्रावधानों के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।




