मुंगेली। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को मुंगेली पुलिस ने राष्ट्रीय एकता दिवस मनाया। इस दौरान पुलिस लाइन मुंगेली से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया गया। वहीं, सिटी कोतवाली परिसर में LED स्क्रीन के माध्यम से गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और पुलिस अधिकारियों-कर्मचारियों ने देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने की शपथ ली।

सिटी कोतवाली में LED स्क्रीन पर दिखा गुजरात का राष्ट्रीय समारोह, एकता की ली शपथ
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल के मार्गदर्शन में जिला मुंगेली के थाना सिटी कोतवाली परिसर में LED डिजिटल स्क्रीन के माध्यम से गुजरात के एकता नगर में आयोजित राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह का सीधा प्रसारण किया गया। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उपस्थित रहे।
एकता नगर में आयोजित समारोह के दौरान पुलिस बल और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने एकता परेड के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की। इस वर्ष राष्ट्रीय एकता दिवस की थीम ‘नक्सल मुक्त भारत’ रखी गई थी।
मुंगेली में आयोजित कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य गिरीश शुक्ला सहित जिले के गणमान्य नागरिक, पार्षद, पत्रकार और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने राष्ट्र की एकता को मजबूत करने तथा देश की अखंडता और संप्रभुता बनाए रखने का संकल्प लेते हुए शपथ ग्रहण किया।
पुलिस लाइन से एसएसपी कार्यालय तक निकली ‘रन फॉर यूनिटी’, दौड़ में शामिल हुए पुलिस जवान
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर जिला मुंगेली पुलिस ने सुबह ‘रन फॉर यूनिटी’ का आयोजन किया। इसके तहत पुलिस लाइन मुंगेली से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय तक दौड़ आयोजित की गई।
इस दौड़ के माध्यम से देश की एकता, अखंडता और आपसी भाईचारे का संदेश दिया गया। आयोजन का उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्र की एकता एवं अखंडता बनाए रखने के लिए जागरूक और प्रेरित करना रहा।
मुंगेली पुलिस के जवानों ने देशभक्ति गीतों से जगाया राष्ट्रप्रेम का जज्बा
कार्यक्रम के दौरान मुंगेली पुलिस के जवानों ने मनमोहक देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति दी। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रप्रेम और देशभक्ति की भावना का संचार किया गया।
इस अवसर पर एसडीओपी आशीष अरोरा, उप पुलिस अधीक्षक हरविंदर सिंह, रक्षित निरीक्षक नरगिस तिग्गा बघेल सहित विभिन्न थाना प्रभारी और पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और सुरक्षा का दिया संदेश
राष्ट्रीय एकता दिवस मनाने का उद्देश्य देश की एकता, अखंडता और आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ करना तथा नागरिकों में राष्ट्र के प्रति समर्पण, आपसी सद्भाव और एकजुटता की भावना को प्रोत्साहित करना है।
मुंगेली पुलिस द्वारा आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’, राष्ट्रीय एकता दिवस समारोह के सीधे प्रसारण, शपथ ग्रहण और देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता और देश की सुरक्षा के प्रति सामूहिक जिम्मेदारी का संदेश दिया गया।




