छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर 03 नवंबर 2026 को मुंगेली जिला मुख्यालय के वीर शहीद धनंजय सिंह राजपूत स्टेडियम में जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। इस वर्ष आयोजन की थीम ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ रही। मुख्य अतिथि मुंगेली विधायक पुन्नूलाल मोहले ने छत्तीसगढ़ महतारी और मां सरस्वती के छायाचित्र पर दीप प्रज्वलित एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। समारोह में प्रदेश की 26 वर्षों की विकास यात्रा, विभागीय उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में जिलेवासियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी के साथ उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों और विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। वहीं पात्र हितग्राहियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित सामग्री भी वितरित की गई।
विभागीय प्रदर्शनी में दिखी छत्तीसगढ़ की 26 वर्षों की विकास यात्रा
राज्योत्सव का प्रमुख आकर्षण ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर आधारित विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी रही। विभागीय स्टॉलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ राज्य गठन से लेकर अब तक की 26 वर्षों की विकास यात्रा, उपलब्धियों, नवाचारों और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रदर्शित किया गया।
इस अवसर पर जनसंपर्क, पुलिस, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आदिवासी विकास, विद्युत एवं क्रेडा, कृषि, उद्यानिकी, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, शिक्षा, उद्योग, खाद्य, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, लोक निर्माण, मत्स्य पालन, पशुपालन, राजस्व, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल संसाधन, रेशम, वन, श्रम, समाज कल्याण, चिप्स, नगर पालिका, परिवहन, सहकारिता, विधिक सेवा एवं आयुष सहित विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाए।
विधायक पुन्नूलाल मोहले, अन्य जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भोजराम पटेल ने विभागीय प्रदर्शनी का अवलोकन किया। अधिकारियों ने स्टॉलों के माध्यम से विभागीय योजनाओं, उपलब्धियों और हितग्राहियों को मिल रहे लाभों की जानकारी दी।
अतिथियों ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र और जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करें।
26 वर्षों में बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में हुई प्रगति: विधायक मोहले
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक पुन्नूलाल मोहले ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी निर्णय और संकल्प से छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण हुआ। राज्य गठन के समय सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में अनेक चुनौतियां थीं।
उन्होंने कहा कि 26 वर्षों की विकास यात्रा में प्रदेश ने इन क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति करते हुए विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। छत्तीसगढ़ अब विकास, सुशासन और समृद्धि की नई पहचान गढ़ रहा है।
विधायक ने बताया कि प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना और लोक निर्माण विभाग के माध्यम से ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सड़कों का विस्तार हुआ है। शिक्षा के क्षेत्र में स्कूलों और महाविद्यालयों की संख्या के साथ सुविधाओं में वृद्धि हुई है। वहीं जिला चिकित्सालय में गंभीर बीमारियों के उपचार सहित स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार किया गया है।
धान खरीदी से लेकर महतारी वंदन तक योजनाओं का किया उल्लेख

विधायक मोहले ने किसानों और महिलाओं के हित में संचालित योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी और प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदी का निर्णय ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रहा है।
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिल रही है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीब परिवारों को पक्के मकान, स्वच्छ भारत मिशन के माध्यम से घरों में शौचालय और उज्ज्वला योजना के जरिए रसोई गैस की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
विधायक ने कहा कि इन योजनाओं से आम नागरिकों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आया है। उन्होंने जिलेवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की बधाई और शुभकामनाएं भी दीं।
पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता: कलेक्टर
कलेक्टर अमृत विकास तोपनो ने अपने संबोधन में कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन आपसी समन्वय से जिले में शांति, सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखते हुए विकास कार्यों को गति देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का मूल उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का पारदर्शी और समयबद्ध लाभ जिले के प्रत्येक पात्र हितग्राही तक पहुंचाना है।
कलेक्टर ने जिलेवासियों से विकास कार्यों में सक्रिय सहभागिता निभाने, शासन की योजनाओं का लाभ लेने और जिले के समग्र विकास में प्रशासन को सहयोग देने की अपील की। उन्होंने भी सभी नागरिकों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी और विद्यार्थी हुए सम्मानित
राज्योत्सव के दौरान विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों को उत्कृष्ट कार्य और शासकीय दायित्वों के बेहतर निर्वहन के लिए सम्मानित किया गया।
वहीं सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत भाषण और चित्रकला प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया।
विभागीय स्टॉलों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, उपलब्धियों और नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी आमजनों तक पहुंचाई गई।
हितग्राहियों को वितरित की गई योजनाओं से संबंधित सामग्री
राज्योत्सव में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र रहे। यहां योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को हितग्राहीमूलक सामग्री का वितरण भी किया गया।
इससे आम नागरिकों को एक ही स्थान पर शासन की योजनाओं, उनकी पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त हुई।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडेय, जिला पंचायत सीईओ गोकुल राम रावटे, अपर कलेक्टर अंजोर सिंह पैकरा, मुंगेली एसडीएम मायानंद चंद्रा, जनपद पंचायत मुंगेली अध्यक्ष रामकमल सिंह परिहार, जिला अध्यक्ष दीनानाथ केशरवानी, नगर पालिका परिषद मुंगेली उपाध्यक्ष जयप्रकाश मिश्रा, लखन लाल साहू सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर जिला प्रशासन की ओर से अतिथियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन डीएमसी अशोक सोनी ने किया।




