मुंगेली। जिले में 12 दिसंबर 2026 को नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। जिला न्यायालय मुंगेली एवं व्यवहार न्यायालय लोरमी में आयोजित इस लोक अदालत में मोटर दुर्घटना दावा, चेक अनादरण, आपराधिक, सिविल, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवादों सहित विभिन्न राजीनामा योग्य प्रकरणों का आपसी सहमति से निराकरण किया जाएगा। अधिक से अधिक मामलों के निपटारे के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, बिलासपुर के निर्देशानुसार आयोजित होने वाली इस लोक अदालत की तैयारियों को लेकर जिला न्यायालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष ने की।
चेक बाउंस से लेकर पारिवारिक विवाद तक के मामले होंगे शामिल
नेशनल लोक अदालत में मोटर दुर्घटना दावा प्रकरण, आपराधिक राजीनामा योग्य प्रकरण, परक्राम्य लिखत अधिनियम की धारा 138 के तहत चेक अनादरण, राजस्व एवं सिविल प्रकरणों का निराकरण किया जाएगा। इसके अलावा वैवाहिक एवं पारिवारिक विवादों तथा अन्य शमनीय अपराधों को भी आपसी सहमति और सुलह के आधार पर निपटाने की कार्यवाही होगी।
न्यायालय में मामला दर्ज होने से पहले भी मिलेगा समझौते का अवसर
लोक अदालत में न्यायालयों में लंबित मामलों के साथ प्री-लिटिगेशन प्रकरणों के निराकरण पर भी विशेष जोर दिया जाएगा। इसके तहत न्यायालय में मामला दर्ज होने से पहले ही संबंधित पक्षकारों के बीच आपसी सहमति और समझौते के माध्यम से विवादों का निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा।
इसके लिए प्री-सीटिंग की प्रक्रिया पूरी करने और अधिक से अधिक प्री-लिटिगेशन प्रकरणों को लोक अदालत में प्रस्तुत करने पर बल दिया गया है।
पक्षकारों को समय पर सूचना देने और सुलह-वार्ता कराने के निर्देश
तैयारियों के संबंध में आयोजित बैठक में प्रकरणों को समय पर प्रस्तुत करने, संबंधित पक्षकारों को समय से सूचना पत्र जारी करने तथा उनके बीच आपसी चर्चा और सुलह-वार्ता आयोजित कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्री-सीटिंग की प्रक्रिया पूरी कर अधिक से अधिक मामलों का निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में प्रथम अपर सत्र न्यायाधीश राकेश कुमार सोम, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मुंगेली के प्रभारी सचिव सतीश कुमार खाखा सहित लीड बैंक एवं अन्य बैंकों के अधिकारी, विद्युत विभाग के अधिकारी, साइबर सेल मुंगेली तथा नगर पालिका परिषद मुंगेली के सहायक अभियंता उपस्थित रहे।
12 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के लिए तैयारियां जारी हैं। इसका आयोजन जिला न्यायालय मुंगेली और व्यवहार न्यायालय लोरमी में किया जाएगा।




