पीपल, बरगद, करंज, गुलमोहर, आम और सीताफल सहित विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे
मुंगेली। रक्षाबंधन के पावन अवसर को यादगार बनाने के उद्देश्य से साहू समाज के सामाजिक बंधुओं ने ग्राम पंचायत संगवाकापा स्थित मुक्तिधाम परिसर में वृक्षारोपण किया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर उनके संरक्षण और संवर्धन का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम के दौरान पीपल, बरगद, करंज, गुलमोहर, आम, सीताफल और कनेर के पौधे लगाए गए। सामाजिक बंधुओं ने कहा कि रक्षाबंधन भाई-बहन के स्नेह और संरक्षण का पर्व है। इसी भावना को प्रकृति और पर्यावरण से जोड़ते हुए मुक्तिधाम परिसर में पौधरोपण किया गया, ताकि आने वाले वर्षों में ये पौधे बड़े होकर छायादार और फलदार वृक्ष बन सकें।
वृक्षारोपण के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के साथ मुक्तिधाम परिसर को हराभरा और स्वच्छ बनाने का प्रयास किया गया। उपस्थित लोगों ने लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा की जिम्मेदारी लेने की बात कही।
इस अवसर पर पूर्व जनपद सदस्य मुंगेली निरंजन साहू, उपसरपंच हेमचंद साहू, जनपद सदस्य प्रतिनिधि राजेश साहू, पंच जितेंद्र साहू, ज्ञानचंद साहू, जगुनू ध्रुव सहित संदीप साहू, संजय साहू, दिनेश साहू, अजय साहू, भोला साहू, खेमचंद साहू, देवसिंग साहू, परमात्मा साहू, आत्मा साहू, घनश्याम देवांगन, राजकुमार साहू, अमरनाथ साहू, नारायण साहू और सुनील साहू उपस्थित रहे।
सामाजिक बंधुओं ने कहा कि पर्व-त्योहारों को सामाजिक सरोकार और पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर मनाने से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है। वृक्षों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं सुरक्षित पर्यावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।