पांचों संभागों में संभागीय स्तर पर प्रदर्शन, 1 अक्टूबर को काली पट्टी बांधकर करेंगे काम; 9 अक्टूबर को तूता में एक दिवसीय धरना
मुंगेली। प्रदेशभर के नगरीय निकाय कर्मचारियों ने अपनी 18 सूत्रीय लंबित मांगों को लेकर 28 सितंबर 2026 को नवयुक्त अधिकारी कर्मचारी कल्याण संघ के बैनर तले संभागीय स्तर पर ज्ञापन सौंपा। प्रदेश के पांचों संभागों में कर्मचारियों ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के सचिव तथा जिला स्तर पर उपमुख्यमंत्री एवं विभागीय मंत्री अरुण साव और मुख्य सचिव के नाम जिला कलेक्टरों को ज्ञापन सौंपकर लंबित मांगों के निराकरण की मांग की।
कर्मचारियों का कहना है कि उनकी कई मांगें लंबे समय से लंबित हैं। ज्ञापन के माध्यम से शासन का ध्यान कर्मचारियों की समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए समयबद्ध तरीके से निराकरण की मांग की गई है।
वेतन से लेकर पदोन्नति और पुरानी पेंशन तक की मांग
प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश तिवारी ने बताया कि कर्मचारियों ने 18 सूत्रीय मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा है। इनमें माह की पहली तारीख को वेतन भुगतान, पुरानी पेंशन योजना लागू करना, एनपीएस एवं जीपीएस की राशि कर्मचारियों के खातों में जमा करना, नया सेटअप तैयार करना, पदोन्नति, समयमान वेतनमान तथा एरियर की राशि का भुगतान प्रमुख रूप से शामिल हैं।
इसके अलावा नई सीधी भर्ती पर रोक, संविदा एवं प्लेसमेंट कर्मचारियों का नियमितीकरण तथा एलएसजीडी और राज्य प्रशासनिक सेवा से जुड़े कर्मचारियों को निगमों में आयुक्त बनाए जाने जैसी मांगें भी ज्ञापन में शामिल की गई हैं।
1 अक्टूबर को काली पट्टी बांधकर करेंगे काम
जिला अध्यक्ष देवेंद्र देवांगन ने बताया कि मांगों के निराकरण की दिशा में शासन का ध्यान आकर्षित करने के लिए कर्मचारी चरणबद्ध आंदोलन करेंगे। उन्होंने कहा कि 1 अक्टूबर 2026 को नगरीय निकायों के कर्मचारी काली पट्टी बांधकर अपने कार्यों का निष्पादन करेंगे।
इसके बाद 9 अक्टूबर 2026 को नया रायपुर स्थित तूता में एक दिवसीय धरना आयोजित करने की घोषणा की गई है। संघ के पदाधिकारियों के अनुसार लंबित मांगों पर समय रहते उचित निराकरण नहीं होने की स्थिति में कर्मचारी धरना देकर अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद करेंगे।
जिलेभर से कर्मचारी पहुंचे कलेक्टोरेट
ज्ञापन सौंपने के लिए जिलेभर से नगरीय निकाय कर्मचारी पहुंचे। इस दौरान मुकेश तिवारी, विद्यानंद यादव, देवेंद्र देवांगन, हिमांशु ब्रम्हभट्ट, विकास ठाकुर, अमित सोनी, यवन जोशी, गौरव गुप्ता, अरविंद मिश्रा, विकास साहू सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं संघ के सदस्य उपस्थित रहे।
कर्मचारियों ने कहा कि 18 सूत्रीय मांगों को लेकर शासन स्तर पर उचित निर्णय और समयबद्ध निराकरण की अपेक्षा है। संघ ने आगामी कार्यक्रमों के माध्यम से अपनी मांगों को शासन तक पहुंचाने और लंबित विषयों पर ध्यान आकर्षित करने की बात कही है।