अरविन्द तिवारी की रिपोर्ट
बालोद । जिले के ग्राम पंचायत बोडेना स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक-1 का लोकार्पण आज छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) के आतिथ्य एवं अध्यक्षता में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। लोकार्पण कार्यक्रम के अवसर पर डॉ. ममता साहू एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा आंगनबाड़ी केंद्र के 14 बच्चों को ईसीसीई किट एवं फल का वितरण किया गया। इस दौरान बच्चों से संवाद करते हुये उनके पोषण , प्रारंभिक शिक्षा एवं समुचित विकास के महत्व पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुये डॉ. ममता साहू ने कहा कि महिलाओं का शिक्षित एवं सशक्त होना समाज की प्रगति के लिये अत्यंत आवश्यक है। महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ना चाहिये। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणजनों से अपील की कि महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकाधिक लाभ लिया जाये तथा बच्चों के पोषण , स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा के प्रति विशेष जागरूकता बरती जाये। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं से भी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणजनों में उत्साह एवं प्रसन्नता का माहौल रहा। उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने आंगनबाड़ी केंद्र के लोकार्पण को गांव के बच्चों एवं महिलाओं के लिये महत्वपूर्ण सौगात बताया। कार्यक्रम में नगर पालिका बालोद की अध्यक्ष श्रीमती प्रतिभा चौधरी , जनपद सदस्य गुण्डरदेही श्रीमती टुकेश्वरी साहू , ग्राम पंचायत बोडेना की सरपंच श्रीमती प्रेमी तलाम , परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग गुण्डरदेही श्रीमती खलेश्वरी नाग , नायब तहसीलदार गुण्डरदेही सुश्री अल्पा साहू , संरक्षण अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग श्रीमती हितेश्वरी मेश्राम सहित ग्राम बोडेना के सभी वार्ड पंच , सेक्टर पर्यवेक्षक रीना लहरे सहित समस्त आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकायें तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।